CHHATTISGARH | रिटायर होते ही छबलानी की मंत्रालय में वापसी!

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय दूरसंचार सेवा के रिटायर्ड अधिकारी वीके छबलानी को एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी दी है। रिटायरमेंट के कुछ समय बाद ही उन्हें संविदा नियुक्ति देते हुए मंत्रालय में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी बनाया गया है।

सरकार ने छबलानी को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा संविदा नियुक्ति नियमों के तहत एक साल के लिए नियुक्त किया है। उनकी पोस्टिंग सचिव के अंसवर्गीय पद के विरुद्ध की गई है।
BSNL से इसी साल हुए रिटायर
वीके छबलानी इसी साल BSNL के मुख्य महाप्रबंधक पद से रिटायर हुए हैं। इससे पहले वे लंबे समय तक प्रतिनियुक्ति पर छत्तीसगढ़ मंत्रालय में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
वे करीब सात साल तक उद्योग विभाग में स्पेशल सेक्रेटरी के रूप में पदस्थ रहे। इसके बाद स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग में भी उन्होंने जिम्मेदारियां संभालीं।
मंत्रालय में फिर क्यों अहम हुई भूमिका?
मंत्रालय में लंबे अनुभव और कामकाज के कारण छबलानी को प्रशासनिक व्यवस्था में अहम अधिकारी माना जाता रहा है। अलग-अलग विभागों और जिम्मेदारियों में काम करने के बाद अब रिटायरमेंट के पश्चात उन्हें फिर संविदा नियुक्ति दी गई है।
बताया जाता है कि रमन सिंह सरकार के दौरान उद्योग विभाग में उनकी भूमिका काफी महत्वपूर्ण रही थी और विभागीय कामकाज में उन्हें अहम जिम्मेदारियां सौंपी जाती थीं।
अब संविदा नियुक्ति के बाद वीके छबलानी की मंत्रालय में एक बार फिर वापसी ने प्रशासनिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी है।



