CHHATTISGARH | RTE एडमिशन के नियम बदले, अब इन बच्चों को भी मिलेगा मौका!

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षा का अधिकार (RTE) के तहत निजी स्कूलों में दाखिले की प्रक्रिया को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। अब स्कूल से तय दूरी पर रहने वाले बच्चों के लिए प्रवेश की पात्रता अनिवार्य नहीं होगी, बल्कि आसपास रहने वाले बच्चों को प्राथमिकता दी जाएगी। सीटें खाली रहने पर दूसरे क्षेत्रों के पात्र बच्चों को भी दाखिला मिल सकेगा।
कितनी दूरी वालों को मिलेगी पहली प्राथमिकता?
नए निर्देशों के मुताबिक, कक्षा पहली से पांचवीं तक प्रवेश के लिए स्कूल से एक किलोमीटर के दायरे में रहने वाले बच्चों को पहले मौका मिलेगा। वहीं, कक्षा छठवीं से आठवीं तक के लिए तीन किलोमीटर के दायरे में रहने वाले बच्चों को प्राथमिकता दी जाएगी।
हालांकि, इन निर्धारित दायरों में पर्याप्त आवेदन नहीं मिलने पर खाली सीटों पर दूसरे क्षेत्रों के पात्र बच्चों को भी प्रवेश दिया जा सकेगा। यानी अब दूरी के कारण किसी बच्चे के दाखिले का रास्ता पूरी तरह बंद नहीं होगा।
25 फीसदी सीटों पर होगा आरक्षण
RTE के तहत निजी स्कूलों में 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित रहती हैं। इन सीटों के लिए निर्धारित संख्या से ज्यादा आवेदन आने पर लॉटरी के जरिए बच्चों का चयन किया जाएगा।
स्कूल शिक्षा विभाग ने नए नियमों को लेकर सभी कलेक्टरों और जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
इस बदलाव से उन परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिनके घर स्कूल की निर्धारित दूरी से बाहर हैं। अब देखना होगा कि नई व्यवस्था के तहत प्रवेश प्रक्रिया कितनी आसान होती है।



