chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

CHHATTISGARH | देश के टॉप10 प्रदूषित शहर से बाहर निकले छत्तीसगढ़ के शहर

 

नई दिल्ली/रायपुर। ठंड की शुरुआत के बीच दिल्ली की हवा में शनिवार को मामूली सुधार दर्ज किया गया। एम्स के आसपास AQI 230 से घटकर 179 पर आ गया। हालांकि, राजधानी के कई इलाकों में प्रदूषण अब भी चिंता का विषय बना हुआ है। वहीं, छत्तीसगढ़ के लिए राहत की बात यह है कि ताजा रेटिंग में राज्य का कोई भी शहर देश के टॉप-10 प्रदूषित शहरों में शामिल नहीं हुआ।

दिल्ली में कई जगह हवा अब भी खराब

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के 56 निगरानी केंद्रों में से तीन जगहों पर हवा बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई। पूसा में AQI 324 तक पहुंच गया। वहीं, 36 केंद्रों पर हवा खराब और 17 केंद्रों पर मध्यम श्रेणी में रही।

पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में 26 अक्टूबर तक हवा खराब श्रेणी में रह सकती है। इसके बाद भी अगले छह दिनों तक प्रदूषण से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद कम है।

छत्तीसगढ़ का कोई शहर टॉप-10 में नहीं

दीपावली से पहले जारी ताजा रेटिंग में छत्तीसगढ़ के किसी शहर का देश के 10 सबसे प्रदूषित शहरों में नाम नहीं आया। यह राज्य के लिए राहत की खबर है। हालांकि, इससे यह निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता कि प्रदेश में प्रदूषण पूरी तरह कम हो गया है।

रायपुर और दुर्ग समेत राज्य के कुछ शहरों में पहले प्रदूषण की समस्या सामने आती रही है। दीपावली के बाद प्रदूषण के स्तर को लेकर एक और रेटिंग जारी होने की बात कही गई है। इससे त्योहार के बाद हवा की स्थिति का बेहतर अंदाजा मिल सकेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button