LIQUOR SCAM RAID | शराब कारोबारी के ठिकाने पर छापा… क्या खुलेंगे घोटाले के नए राज?

रायपुर. छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाले की जांच के बीच बलौदाबाजार से बड़ी खबर सामने आई है। ACB और EOW की टीम ने शनिवार को शहर के कान्हा विहार इलाके में एक शराब कारोबारी के ठिकाने पर दबिश देकर हड़कंप मचा दिया।
जानकारी के मुताबिक, जांच एजेंसियों ने शराब कारोबारी अहिंदर के घर और उससे जुड़े ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई की। टीम ने कई अहम दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं और कारोबारी से घंटों पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों की मानें तो जांच का फोकस बैंक खातों, संपत्ति के दस्तावेजों, लेन-देन के रिकॉर्ड और कारोबारी नेटवर्क पर है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं इस कारोबारी के तार प्रदेश में चर्चित शराब घोटाले से तो नहीं जुड़े हैं।
रेड की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। दस्तावेजों और रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है। माना जा रहा है कि इस कार्रवाई से शराब कारोबार और उससे जुड़े वित्तीय नेटवर्क को लेकर कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
हालांकि, ACB और EOW ने अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई बयान जारी नहीं किया है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।


