MAHADEV APP CASE | सौरभ की गिरफ्तारी, अब ED खोलेगी बड़े राज!

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप केस में मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। नॉन बेलेबल वारंट को लेकर PMLA स्पेशल कोर्ट में लंबी बहस हुई। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने ED की अर्जी स्वीकार कर ली। अब ED ने सौरभ को कस्टोडियल रिमांड पर लेने के लिए आवेदन लगाया है, जिस पर सुनवाई होनी बाकी है।
शुक्रवार सुबह सौरभ को कड़ी सुरक्षा और हथकड़ी के साथ रायपुर जेल से कोर्ट लाया गया। इससे पहले CBI की 8 दिन की कस्टडी खत्म होने पर कोर्ट ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा था।
CBI ने पूछताछ के दौरान सट्टेबाजी नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, हवाला के जरिए पैसों के लेनदेन और कथित प्रोटेक्शन मनी से जुड़े पहलुओं की जांच की। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि सट्टे से जुटाई गई रकम किन लोगों तक पहुंची और नेटवर्क में किन अधिकारियों की भूमिका रही।
सौरभ को 8 जुलाई 2026 को ओमान में गिरफ्तार किया गया था। करीब 116 दिन बाद 1 नवंबर को CBI की टीम उसे मस्कट से भारत लेकर आई थी। उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी था।
महादेव ऐप मामले में छत्तीसगढ़ सरकार ने 13 FIR जांच के लिए CBI को सौंपी थीं। ED भी मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रही है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि ED को सौरभ की कस्टडी मिलती है या नहीं और पूछताछ में कौन से नए खुलासे होते हैं।



