MAHADEV BETTING APP | अनिल अग्रवाल और विशाल आहुजा के खिलाफ गैर-जमानती वारंट

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। रायपुर की विशेष पीएमएलए अदालत ने अनिल अग्रवाल और विशाल आहुजा के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। ईडी ने दोनों को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित कराने के लिए भी अदालत में आवेदन दिया है।
इसी बीच विशाल आहुजा के भाई धीरज आहुजा ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की है। ऐसे में अब आहुजा बंधुओं से जुड़ा मामला भी जांच के केंद्र में आ गया है।
ईडी की सितंबर 2023 की आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, धीरज और विशाल आहुजा भोपाल की रैपिड ट्रैवल्स कंपनी चलाते थे। यह कंपनी महादेव ऐप के प्रमोटरों, उनके परिवार और कारोबारी सहयोगियों के घरेलू व अंतरराष्ट्रीय हवाई टिकट बुक करती थी।
जांच में आरोप है कि सट्टेबाजी से कमाई गई अवैध रकम का इस्तेमाल इन टिकटों के भुगतान में किया जाता था। फरवरी 2023 में दुबई में सौरभ चंद्राकर की करीब 200 करोड़ रुपये खर्च वाली शादी के लिए भी रैपिड ट्रैवल्स के जरिए मेहमानों की यात्रा और टिकट बुकिंग की व्यवस्था की गई थी। इस आयोजन में फिल्मी हस्तियां भी शामिल हुई थीं।
गौरतलब है कि मामले में शुभम सोनी के खिलाफ पहले ही गैर-जमानती वारंट जारी हो चुका है। अब अनिल अग्रवाल और विशाल आहुजा के खिलाफ कार्रवाई से महादेव केस में जांच का दायरा और बढ़ गया है।



