MAHADEV SATTA NETWORK | महादेव नेटवर्क में युवतियों की एंट्री? उठे बड़े सवाल

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क को लेकर अब एक नया दावा सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, भिलाई-दुर्ग समेत छत्तीसगढ़ के अलग-अलग शहरों की 300 से 500 युवतियों को इस अवैध कारोबार से जोड़ने की चर्चा है। दावा है कि कुछ स्थानों पर कॉल सेंटर बनाकर युवतियों से सोशल मीडिया के जरिए ग्राहक जोड़ने और पैनल संचालन का काम कराया जा रहा है। हालांकि, इन दावों की पुलिस या किसी जांच एजेंसी ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सूत्रों के अनुसार, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर सट्टेबाजी से जुड़े विज्ञापनों के जरिए संपर्क करने वाले लोगों को कॉल सेंटर से फोन किया जाता है। युवतियों की जिम्मेदारी संभावित ग्राहकों को प्लेटफॉर्म से जोड़ने और संबंधित पैनल तक पहुंचाने की बताई जा रही है।
यह भी दावा किया जा रहा है कि कुछ युवतियों को बड़े दांव वाले पैनलों में बैठाया गया है, जहां भुगतान में देरी होने पर ग्राहकों से बातचीत करनी पड़ती है। उन्हें महीने में 50 हजार से एक लाख रुपये तक कमाई का लालच दिए जाने की बात भी कही जा रही है। कैंप, खुर्सीपार और सुपेला के कुछ स्थानीय युवकों के जरिए भर्ती होने का दावा है।
ये सभी जानकारियां फिलहाल सूत्रों के हवाले से हैं। युवतियों की संख्या, भर्ती और कथित कॉल सेंटरों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
इधर, महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से जुड़े मामले में CBI की पूछताछ के बाद ED की कार्रवाई भी जारी है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या जांच एजेंसियां इस कथित नए नेटवर्क और स्थानीय संपर्कों की भी पड़ताल करेंगी?
महादेव सट्टा नेटवर्क में युवतियों को जोड़ने का दावा! भिलाई-दुर्ग में कथित कॉल सेंटर और 50 हजार से एक लाख रुपये तक कमाई की चर्चा। इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।



