SAI ULTIMATUM TO MINISTERS | CM हाउस में मंत्रियों की क्लास! 2 महीने का अल्टीमेटम

रायपुर. रायपुर में मुख्यमंत्री निवास पर देर रात तक चली हाई लेवल बैठक को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, कुछ मंत्रियों के कामकाज से नाराज केंद्रीय संगठन ने साफ संदेश दे दिया है कि जनता में सरकार को लेकर किसी तरह की नाराजगी नहीं दिखनी चाहिए।
बताया जा रहा है कि मंत्रियों को अपने विभागों और प्रभार वाले जिलों में कामकाज सुधारने के लिए दो महीने का समय दिया गया है। इस दौरान जनता से जुड़े कामों को प्राथमिकता देने और अधिकारियों पर सख्ती से निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, मंत्रियों के प्रदर्शन की रिपोर्ट लगातार दिल्ली तक पहुंच रही थी। कई मंत्रियों के कामकाज को लेकर संगठन संतुष्ट नहीं था। इसी बीच सूरजपुर की घटना के बाद नाराजगी और बढ़ गई, जिसके बाद मुख्यमंत्री निवास में अचानक बैठक बुलाकर कड़ा संदेश दिया गया।
बैठक में संगठन और सरकार के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। चर्चा का मुख्य फोकस प्रशासनिक कसावट, जनता के कामों की गति और सरकार की छवि को बेहतर बनाने पर रहा।
खबर है कि दो महीने बाद फिर समीक्षा होगी। यदि किसी मंत्री के कामकाज में सुधार नहीं दिखा तो संगठन बड़ा फैसला ले सकता है। हालांकि बैठक के बाद सभी मंत्रियों ने इसे सामान्य समन्वय बैठक बताया और किसी भी अंदरूनी चर्चा पर खुलकर कुछ नहीं कहा।



