ONLINE BETTING CASE | सट्टा किंग की संपत्ति पर कोर्ट का बड़ा एक्शन!

रायपुर। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा ऐप ‘3 STUMPS’ से जुड़े बाबू उर्फ गुलशन खेमानी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। अदालत ने करीब 1 करोड़ 42 लाख रुपये की संपत्ति जब्त करने का आदेश जारी किया है। पुलिस का दावा है कि ये संपत्तियां सट्टे के अवैध कारोबार से कमाई गई रकम से बनाई गई हैं।
जमीन, दुकान और बैंक में जमा रकम पर कार्रवाई
न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, रायपुर ने 16 अक्टूबर 2026 को यह आदेश जारी किया। जब्ती के दायरे में महासमुंद जिले के ग्राम अरंड की कृषि भूमि, रायपुर के देवपुरी और जोरापारा स्थित भूखंड तथा महाराष्ट्र के ठाणे जिले के अंबरनाथ की एक व्यावसायिक दुकान शामिल है।
इसके अलावा बैंक ऑफ इंडिया की एफडी में जमा करीब 40 लाख 50 हजार रुपये भी कार्रवाई के दायरे में हैं। आदेश के बाद संबंधित राजस्व अधिकारियों, पंजीयन कार्यालयों और बैंकों को पत्र भेजे गए हैं, ताकि संपत्तियों के हस्तांतरण और खातों से निकासी पर रोक लगाई जा सके।
म्यूल खातों से चलता था लेन-देन?
पुलिस के मुताबिक, खेमानी और उसके साथी मोबाइल नंबरों, कॉल सेंटरों और अलग-अलग बैंक खातों के जरिए सट्टे का नेटवर्क चला रहे थे। जांच में कथित तौर पर म्यूल बैंक खातों के इस्तेमाल की बात सामने आई, जिनके जरिए रकम दूसरे खातों में भेजी जाती थी और लेन-देन के बदले कमीशन दिया जाता था।
पुलिस का कहना है कि खेमानी करीब ढाई साल से कई ऑनलाइन पैनल चला रहा था। मामले में अब तक कुल 29 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस पहले ही करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये कीमत का सामान और वाहन जब्त कर चुकी है।
अब कार्रवाई का अगला चरण इस नेटवर्क से जुड़ी संपत्तियों पर शिकंजा कसना है।


