RAIPUR ACCIDENT | सोलर पैनल बना मौत का जाल

रायपुर. राजधानी रायपुर से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। प्रोफेसर कॉलोनी इलाके में सोलर पैनल लगाने का काम कर रहे दो युवकों की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान प्रमोद चंद्राकर (25) और आशीष चंद्राकर (19) के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
जानकारी के मुताबिक, पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कुकरीपारा स्थित सर्वोदय स्कूल के पास सोलर पैनल असेंबल करने का काम चल रहा था। इसी दौरान पैनल 11 केवी हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे उसमें तेज करंट दौड़ गया।
करंट इतना जबरदस्त था कि दोनों कर्मचारियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा कुछ ही सेकेंड में हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं और काम के दौरान पर्याप्त सावधानी बरती गई थी या नहीं।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर ऊंची बिजली लाइनों के पास निर्माण और इंस्टॉलेशन कार्यों में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


