छत्तीसगढ़राजनीती

चुनाव में कांग्रेस रेस से बाहर- संबित पात्रा

रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में होने जा रहे चुनाव में कांग्रेस रेस में भी नहीं है। यहां चौथी बार 65 प्लस के साथ भाजपा की सरकार बनेगी।
आज एकात्म परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए पात्रा ने कहा- कांग्रेस के बड़े नेता सलमान खुर्शीद स्वयं कहते नजर आ रहे हैं 2019 में होने जा रहे लोकसभा चुनाव में हम कहीं नहीं हैं। छत्तीसगढ़ प्रदेश की बात करें तो यहां के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल बेल पर हैं। कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष भाजपा में आ गए। वहीं उसके प्रदेश प्रभारी सीडी कांड के शिकार हो गए। कांग्रेस मायावती व जोगी जी को लेकर महागठबंधन करने की सोच रही थी। लेकिन वे दोनों तालमेल के लिए तैयार नहीं हुए। एक तुकबंदी चल पड़ी है। एक का बना सीडी का खेल, नहीं बना तालमेल, तभी कहते हैं जीतू पटवारी कांग्रेस गई लेने तेल। सीडी कांड के बाद से कांग्रेस कार्यकर्ता हताशा के दौर से गुजर रहे। केन्द्र की नरेन्द्र मोदी की सरकार की सोच रही है कैसे विकास को जनता तक पहुंचाएं। छत्तीसगढ़ की जनता बुद्धिमान है। विकास क्या होता है अच्छी तरह समझती है। छत्तीसगढ़ में सीडी वर्सेस विकास की लड़ाई है। भाजपा विकास की गाथा लिखती है कांग्रेस विनाश की सीडी बनाती है। पात्रा ने कहा- मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है छत्तीसगढ़ के किसान उन्हे चांउर वाले बाबा कहते हैं। प्रदेश की भाजपा सरकार पीडीएस योजना को ईमानदारी के साथ लागू करने की पक्षधर रही। सरकार ने न्यूनम समर्थन मूल्य पर किसानों से धान खरीदा। बोनस दिया। 77 करोड़ रुपये किसानों के खाते में जमा कराए। 1 हजार 300 करोड़ के सिंचाई पम्प लगवाए। पूर्व में मात्र 72 हजार किसानों के पास सिंचाई पंप थे। आगे चलकर 5 लाख सिंचाई पंप बांटे गए। कांग्रेस की सरकार थी तो किसानों के ऋण पर ब्याज लेती थी। रमन सिंह की सरकार ने जीरो प्रतिशत ब्याज पर ऋण दिया। यही कारण है छत्तीसगढ़ को चार बार कृषि कर्मण पुरस्कार मिल चुका। यह पूछने पर कि राहुल गांधी ने कहा है छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनी तो दस दिनों में किसानों का कर्जा माफ कर देंगे, भाजपा के पास भी क्या कोई प्लान है, पात्रा ने कहा- देश में 70 साल कांग्रेस की सरकार रही थी। उसने किसानों के लिए क्या किया। राहुल गांधी की इस तरह की बातों का कोई मतलब नहीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार की कोशिश रही चिकित्सा सुविधा अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचे। शिशु मृत्यु दर में भी काफी कमी आई। सरकार ने 50 लाख महिलाओं को मोबाइल बांटा। उज्जवला योजना के तहत 35 लाख महिलाओं को सिलेंडर उपलब्ध कराया। नक्सली समस्या को लेकर किए गए सवाल पर पात्रा ने कहा हमारा हमेशा ध्येय रहा नक्सली समस्या का समूल नाश। नक्सलियों को मुठभेड़ में पुलिस ने मारा तो कांग्रेस के लोगों ने उसकी जांच समिति बना दी। वहीं राहुल गांधी दिल्ली में बैठकर अरबन नक्सल का समर्थन करते रहे हैं। भाजपा में टिकटों के वितरण को लेकर मचे हुए घमासान पर पात्रा ने कहा- भाजपा सामंतवादी नहीं लोकतांत्रिक पार्टी है। लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात रखने का अधिकार है।

Related Articles

Back to top button