छत्तीसगढ़

मरकाम की ताजपोशी, बीते दिनों के संघर्ष को याद कर छलक आए मुख्यमंत्री बघेल के आंसू

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मोहन मरकाम को सौंपी पीसीसी अध्यक्ष की जिम्मेदारी मोहन मरकाम की ताजपोशी, बोले- गौरव का पल, बूथ कार्यकर्ता से अध्यक्ष बना

रायपुर। कोंडागांव विधायक मोहन मरकाम ने शनिवार को राजीव भवन में आयोजित पदभार ग्रहण समारोह में पीसीसी अध्यक्ष की कमान संभाल ली। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रदेश ने कांग्रेस अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम को सौंप दी। इस अवसर पर एआईसीसी के छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया, छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिव डॉ अरूण उरांव, डॉ चंदन यादव समेत प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी, कांग्रेस मंत्रीमंडल के सदस्य, कांग्रेस विधायक, जिला कांग्रेस अध्यक्ष, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से 5 साल पहले जब हम विधानसभा चुनाव हार गए थे तब मुझे राहुल गांधी ने जिम्मेदारी दी और हमने संघर्ष कर चुनाव जीता। यह लड़ाई सत्ता परिवर्तन तक का सफर रहा है। इस दौरान कई आंदोलन किया जिसमें किसानों के लिए हो या मजदूरों के लिए या नवजवानों के लिए या महिलाओं के लिए, राहुल गांधी यहां के बारे में लगातार मोनिटरिंग करते रहे हमारा मार्गदर्शन करते रहे। आज पूरे देश मे छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ताओं की मिसाल देते है, इसके लिए मैं सभी को बधाई देता हूँ। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बताया कि हमने असंभव को संभव कर दिखाया। विधानसभा में मिली जीत को सीएम ने कांग्रेस से जुड़े सभी लोगों की जीत बताई है। उन्होंने कहा कि हमारे कड़ी मेहनत और संघर्ष का असर है जिससे आज राज्य में कांग्रेस सत्ता में आ पाई। सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने खूब मेहनत की और पसीना बहाया। राजीव भवन के बारे में उन्होंने कहा कि हमने पाई-पाई जोड़कर इस भवन को बनाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीव भवन का लोकार्पण के लिए राहुल गांधी से समय लिया गया था। जब वे आए तो भवन में घुटने तक पानी भरा हुआ था। राहुल गांधी ने मुझसे कहा था कि शिलान्यास किया था। और राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते ही राहुल गांधी ने भवन का उतघाटन किया। तब उन्होंने कहा था कि इतना बड़ा भवन तो किसी प्रदेश का नही होगा। सभी विधायकों को भी धन्यवाद देना चाहता हूं।
इस दौरान बीते दिनों के संघर्ष को याद करते हुए सीएम मंच पर ही रो पड़े। हालांकि उन्होंने अपने आपको संभाला। इस दौरान सीएम भूपेश बघेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। गिरीश देवांगन और कार्यकर्ताओं के समर्पण को याद कर सीएम भूपेश भावुक होकर रो पड़े। अपने भाषण में रामगोपाल अग्रवाल के योगदान को याद किया।
सीएम बघेल ने मरकाम की प्रशंसा करते हुए कहा कि मोहन हर पद यात्रा में उनके साथ होते थे। मुझे विश्वास है कि मरकाम बेहतर काम करेंगे। सीएम बघेल ने मोहन मरकाम को बधाई देते हुए साथ मिल जुलकर काम करने की बात कही। सीएम के मुताबिक सरकार की योजनाओं को मरकाम आमजन तक पहंचाएंगे। इससे संगठन को मजबूती मिलेगी।
मरकाम ने कहा कि आज का दिन मेरे लिए गर्व का दिन है। मैंने भूपेश बघेल के नेतृत्व में काम किया। हर पदयात्रा और आंदोलन में सीएम बघेल के साथ रहा। सीएम बघेल का मार्गदर्शन हमें अभी भी चाहिए। हमने विषम परिस्थितियों में काम किया। हमारे कार्यकर्ताओं पर जो भी हमले हुए हम अडिग रहे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की पीड़ा मेरी पीड़ा होगी। मैं हर पल कांग्रेसियों के साथ खड़ा रहुंगा। मेरा दायित्व है कि मैं पार्टी को नई उंचाई तक ले जाउं। टीएस सिंहदेव, पीएल पुनिया, भूपेश बघेल समेत सभी वरिष्ठ नेताओं का हाथ रहा है, जिससे हम आगे बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि पांच वर्षों में संघर्ष देखा है। जीतने वाले कोई अलग काम नहीं करते, अलग ढंग से करते हैं। कार्यकर्ताओं को जाता है जीत का श्रेय.बूथ कार्यकर्ता से प्रदेश अध्यक्ष बना। प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने सभी अध्यक्षों को याद करते हुए कहा कि सीएम भूपेश बघेल का कार्यकाल याद आता है। भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव की जुगलबंदी ही अलग थी, उन्होंने कार्यकर्ताओं को चार्ज करने का काम किया था. तो सबसे ज़्यादा श्रेय कार्यकर्ताओं को ही जाता है। उन्होंने ये भी कहा कि मेरे काम करने का तरीका अलग होगा। जो काम करता है उसकी पहचान होती है। मैं हमेशा काम पर यकीन रखता हूँ। किसी को मेरे या मुख्यमंत्री के आगे पीछे नहीं रहना है। कांग्रेस को अगले 15 साल तक कैसे सत्ता में रखना है इस पर काम करना है। बिना कुछ किए जय जयकार नहीं होती, कोशिश करने वालों की हार नहीं होती।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत, मंत्री प्रेमसाय सिंह, कवासी लखमा, अनिला भेडिया, जयसिंह अग्रवाल, धनेंद्र साहू, सत्यनारायण शर्मा, बोधराम कंवर, छाया वर्मा, करूणा शुक्ला, रामगोपाल अग्रवाल, गंगा पोटाई, गुरूमुख सिंह होरा, महंत रामसुंदर दास, किरणमयी नायक, गिरीश देवांगन, शैलेष नितिन त्रिवेदी, सुभाष धुप्पण, रमेश वल्र्यानी मोर्चा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष और अधिकांश विधायक उपस्थित थे ।

Related Articles

Back to top button