छत्तीसगढ़राजनीती

असत्य पर टिकी भाजपा के अंत की शुरुआत 11 से – कांग्रेस

जनता पहले ही अपना फैसला मतदान केन्द्रों में दे चुकी

रायपुर। भाजपा के प्रदेश महामंत्री संतोष पांडे, डॉ सुभाऊ राम कश्यप और गिरधर गुप्ता के बयान पर पलटवार करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि असत्य की बुनियाद पर टिकी भाजपा के अंत की शुरुआत 11 दिसंबर को होने जा रही है। भाजपा सरकार की वादाखिलाफी और अराजकता से व्यथित जनता मतदान केंद्रों में अपना फैसला पहले ही दे चुकी है।
ठाकुर ने कहा कि भाजपा के खिलाफ जनता के आक्रोश से लगता है अब भाजपा के नेताओं को पूर्व की तरह अपनी पार्टी का नाम बदलने की आवश्यकता पड़ेगी। भाजपा को लोकतंत्र पर कभी भरोसा ही नहीं था। पूर्व में छत्तीसगढ़ में हुए विधानसभा के उपचुनाव हों या नगरीय निकायों के चुनाव भाजपा ने जनादेश का अपमान करते हुए लोकतंत्र की हत्या करने में कोई कसर बाकी नहीं रखी। भाजपा के कारण छत्तीसगढ़ ही नहीं पूर्व में हुए अन्य राज्यों के विधानसभा चुनाव में भी लोकतंत्र तार-तार हुआ है। 
मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य की जनता ने स्पष्ट संकेत कांग्रेस की सरकार बनाने का दिया है। अब एग्जिट पोल के नतीजों से भी स्पष्ट हो गया है कि राज्य की जनता भाजपा की सरकार से मुक्ति चाहती है। भाजपा नेता एग्जिट पोल के नतीजों को नकार कर पूर्व की तरह ही लोकतंत्र की मर्यादा को तार-तार कर जनादेश के विरुद्ध काम कर चौथी बार सत्ता पाने षड़यंत्र करने में लगे हैं, जिसमें वे कामयाब नहीं हो पाएंगे। 15 साल के भाजपा के कुशासन, भ्रष्टाचार, अराजकता, कमीशनखोरी से राज्य की जनता इतनी त्रस्त थी कि चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा के प्रत्याशियों को कई जगह जनता के गुस्से का सामना करना पड़ा और प्रचार छोड़कर भागना पड़ा। कई गांव में भाजपा के प्रत्याशियों को घुसने तक नहीं दिया गया। दोनों चरणों के मतदान पूरा होने के बाद किसान अपनी उपज बेचने नहीं गये। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेश बघेल, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टी.एस. सिंहदेव सहित वरिष्ठ नेताओं के आश्वासन के पश्चात किसानों का धान मंडियों तक पहुंचा।

Related Articles

Back to top button