CHHATTISGARH | IPL सट्टा सिंडिकेट में ‘MCX किंग’ मन्नू नत्थानी की एंट्री से बड़ा खुलासा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क में अब ऐसा नाम सामने आया है, जिसने पुलिस की जांच को और बड़ा बना दिया है। रायगढ़ पुलिस की जांच में ‘MCX किंग’ के नाम से चर्चित सराफा कारोबारी मन्नू नत्थानी का नाम खुलकर सामने आया है।
पुलिस के मुताबिक मन्नू नत्थानी ने रिश्तेदारों, दोस्तों और भरोसेमंद एजेंटों की मदद से छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश तक करोड़ों का ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क खड़ा कर रखा था। IPL के दौरान गोवा में पूरी टीम बैठाकर लाइव मैचों पर करोड़ों का खेल चल रहा था।
खुलासा ये भी हुआ कि आरोपी दुबई से बेटिंग आईडी लेकर रायपुर, नागपुर, सक्ती, खरसिया समेत कई शहरों तक सप्लाई करते थे। फिर एजेंटों के जरिए ये आईडी छोटे खाईवालों और प्लेयर्स तक पहुंचती थी और हर ट्रांजेक्शन पर कमीशन लिया जाता था।
रायगढ़ पुलिस ने गोवा से 6 आरोपियों को दबोचा है। इनके पास ऐसा ऐप मिला, जिसमें मैच का अपडेट टीवी से 7 सेकेंड पहले मिल रहा था। इसी खेल से रेट बदलकर लाखों-करोड़ों का मुनाफा कमाया जा रहा था।
पुलिस को हवाला नेटवर्क के भी अहम सबूत मिले हैं। मोबाइल से नोटों के सीरियल नंबर शेयर कर पैसों का ट्रांसफर किया जा रहा था। अब पुलिस मन्नू नत्थानी समेत पूरे सिंडिकेट की तलाश में जुटी है।



