CG BREAKING | धान टोकन न मिलने से किसान ने उठाया आत्मघाती कदम …

महासमुंद, 6 दिसंबर 2025। धान बेचने के लिए टोकन न कटने से परेशान एक किसान ने आत्महत्या की कोशिश कर ली। बार-बार प्रयास करने के बाद भी टोकन न मिलने से हताश किसान ने ब्लेड से अपना गला काट लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घटना बागबहरा थाना क्षेत्र की है। ग्राम पंचायत बोडरीदादर सेनभांठा निवासी किसान मनबोध गांडा पिछले कई दिनों से धान बेचने के लिए टोकन लेने की कोशिश कर रहा था। परिजनों के अनुसार, वह लगातार च्वाइस सेंटर जाकर ऑनलाइन टोकन कटाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन सिस्टम में उसका नाम नहीं दिख रहा था। स्टाफ ने उसे कुछ दस्तावेज अपडेट करने की सलाह दी थी।
दो दिनों से लगातार दौड़-धूप के बावजूद टोकन नहीं मिलने पर मनबोध गांडा मानसिक रूप से टूट गया। शुक्रवार सुबह उसने ब्लेड से अपना गला रेत लिया। लहूलुहान हालत में उसे देख ग्रामीणों ने तुरंत परिवार को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और 112 की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबहरा पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी स्थिति गंभीर बताई है। घटना के बाद क्षेत्र में कृषि व्यवस्था और टोकन सिस्टम को लेकर किसानों में रोष फैल गया है। किसान संगठनों का कहना है कि टोकन प्रक्रिया में तकनीकी खामियों के कारण किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।



