CG BREAKING | कांकेर में बड़ा नक्सल सरेंडर, AK-47 सहित 21 नक्सलियों ने हथियार डाले …

कांकेर, 26 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान को बड़ी सफलता मिली है। जिले में 21 नक्सलियों ने रविवार को पुलिस और सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें से 18 नक्सलियों ने अपने हथियारों के साथ सरेंडर किया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सली ‘पूना मारगेम : पुनर्वास से पुनर्जीवन’ पहल से प्रभावित होकर समाज की मुख्यधारा में लौटे हैं। सरेंडर करने वालों में 13 महिला और आठ पुरुष नक्सली शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि सरेंडर करने वाले नक्सली केशकाल डिवीजन के कुएमारी-किसकोडो एरिया कमेटी से जुड़े हैं। इनमें डिवीजन कमेटी के सचिव मुकेश भी शामिल है। आत्मसमर्पण करने वालों में चार डिवीजन वाइस कमेटी मेंबर (DVCM), नौ एरिया कमेटी मेंबर (ACM) और आठ पार्टी सदस्य हैं।
नक्सलियों ने जिन हथियारों को जमा किया है, उनमें तीन AK-47 रायफल, चार SLR, दो इंसास, छह .303, दो सिंगल शॉट रायफल और एक बीजीएल शामिल है। सभी आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बस्तर संभाग में लगातार नक्सलियों का आत्मसमर्पण जारी है। इससे पहले 17 अक्टूबर को जगदलपुर में 210 नक्सलियों ने 153 हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया था। वहीं, दो अक्टूबर को बीजापुर में 103 नक्सलियों ने हथियार डाले थे, जिनमें 49 इनामी नक्सली थे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में कहा था कि केंद्र सरकार का लक्ष्य 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलवाद से मुक्त करना है। उन्होंने बस्तर प्रवास के दौरान नक्सलियों से हिंसा छोड़ने और मुख्यधारा में लौटने की अपील की थी।



