CG NHM STRIKE | एनएचएम कर्मचारी की हड़ताल के बीच मौत

रायपुर, 29 अगस्त 2025। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारियों की 10 सूत्रीय मांगों को लेकर चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच एक दर्दनाक खबर सामने आई है। बस्तर जिले में 12 दिनों से हड़ताल पर शामिल स्वास्थ्यकर्मी बीएस मरकाम की हार्ट अटैक से मौत हो गई। इस घटना ने आंदोलन को और संवेदनशील और उग्र बना दिया है।
हड़ताल के बीच हुई मौत
जगदलपुर में एनएचएम के ब्लॉक अकाउंट मैनेजर (BAM) पद पर कार्यरत बीएस मरकाम बीते 12 दिनों से हड़ताल में सक्रिय थे। गुरुवार देर रात उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा। परिजन और साथी कर्मचारी उन्हें अस्पताल लेकर पहुँचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर से स्वास्थ्यकर्मियों में आक्रोश और शोक की लहर फैल गई है।
12 दिन से जारी हड़ताल
एनएचएम कर्मचारी संघ अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर 12 दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है।
इनमें नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन और सेवा शर्तों में सुधार जैसी प्रमुख माँगें शामिल हैं। केवल बस्तर से ही करीब 190 स्वास्थ्यकर्मी इस आंदोलन का हिस्सा बने हुए हैं।
स्वास्थ्य सेवाएँ ठप
हड़ताल के चलते ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाएँ बुरी तरह प्रभावित हो चुकी हैं। कई अस्पतालों में ताले लटक रहे हैं। प्रसव और गंभीर बीमारियों के मामलों में मरीजों को निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ रहा है। सबसे ज़्यादा मुश्किल गरीब और ग्रामीण मरीजों को झेलनी पड़ रही है।
भाजपा पर वादाखिलाफी का आरोप
कर्मचारी संघ ने भाजपा सरकार पर चुनावी वादों से मुकरने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि भाजपा ने चुनाव से पहले “मोदी की गारंटी” के तहत 100 दिन में नियमितीकरण पर कमेटी बनाने का वादा किया था। लेकिन 20 महीने बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
सरकार को चेतावनी
मरकाम की मौत के बाद कर्मचारियों ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक फैसला नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र होगा।



