CG News: नमाज के समय बदलाव पर सियासत गर्माई, कांग्रेस ने BJP पर लगाया समाज में तनाव फैलाने का आरोप
छत्तीसगढ़ में होली के दिन नमाज के समय में किए गए बदलाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा...

13, March, 2025 | रायपुर। छत्तीसगढ़ में होली के दिन नमाज के समय में किए गए बदलाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गए हैं। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए भाजपा पर समाज में जानबूझकर तनाव फैलाने का आरोप लगाया है।
शांति समिति ही करती है फैसला – कांग्रेस
कांग्रेस नेता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि वक्फ बोर्ड को नमाज के समय में बदलाव करने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह के फैसले लेने के लिए हर जिले में शांति समिति होती है, जो सभी समुदायों से बातचीत कर निर्णय लेती है। उन्होंने वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें इस तरह का फैसला लेने का कोई अधिकार नहीं है।
भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज ने कांग्रेस को “दंगा कराने वाली पार्टी” बताया था। इस पर पलटवार करते हुए सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि असल में भाजपा ही दंगा भड़काने वाली मानसिकता रखती है। उन्होंने सवाल किया कि क्या देश में पहली बार होली और रमजान एक साथ आए हैं? उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देकर समाज में अशांति फैलाना चाहती है।
BJP की साजिश का हिस्सा हैं सलीम राज – कांग्रेस
सुशील आनंद शुक्ला ने आगे कहा कि वक्फ बोर्ड ने अपनी सीमाओं से परे जाकर फैसला लिया है, जो समाज में जानबूझकर तनाव पैदा करने की कोशिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि सलीम राज भाजपा के “दंगा फैलाने वाले टूल” का हिस्सा हैं और भाजपा इन्हें अपनी साजिशों में इस्तेमाल कर रही है, ताकि समाज में सांप्रदायिक माहौल खराब हो।
इस पूरे विवाद के चलते अब यह मुद्दा राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी तेज हो गई है, जिससे प्रदेश में सियासी माहौल गरमा गया है।