भाजपा प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन रायपुर पहुंचे, नेताओं ने किया स्वागत, करेंगे कई बैठकें
भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन बुधवार को रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत भाजपा के वरिष्ठ नेताओं

09, April, 2025 | रायपुर | भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन बुधवार को रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और निगम-मंडलों के नवनियुक्त अध्यक्षों ने किया। नितिन नबीन के इस दौरे के दौरान कई बैठकें आयोजित की जाएंगी।
मंत्रिमंडल विस्तार पर सवाल करने पर नबीन ने कहा, “अभी तक निगम मंडलों में नियुक्तियां की गई हैं। मंत्रिमंडल विस्तार का समय आएगा, तब उस पर भी विचार होगा।”
पिछले महीने भी नबीन रायपुर पहुंचे थे, तब उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता को बधाई दी थी और पार्टी की सफलता पर खुशी जाहिर की थी। उन्होंने कहा था, “पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक भाजपा को जीत दिलाने के लिए छत्तीसगढ़ की जनता को धन्यवाद। निकाय और पंचायत चुनावों में 80 से 100 फीसदी सीटों पर भाजपा ने विजय प्राप्त की। छत्तीसगढ़ की जनता ने हम पर विश्वास किया है, और हम उस विश्वास पर खरा उतरेंगे। हमारा एजेंडा विकास है, और ट्रिपल इंजन की सरकार में तेजी से विकास होगा।”
कांग्रेस के बयानों पर नितिन नबीन ने पलटवार करते हुए कहा, “मुझे तो कांग्रेस की बेचैनी पर तरस आता है। जब भी हम कुछ करते हैं, वे बेचैन हो जाते हैं। मेरी गतिविधियों से इतनी बेचैनी है, तो मैं और गतिविधियां करूंगा।” उन्होंने भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए कहा, “भूपेश बघेल ने बिहार के नेता को यहां लाकर सांसद बना दिया, लेकिन उनके मन में बिहार के लोगों के प्रति सम्मान नहीं है।”



