आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया का बड़ा बयान, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बताया BJP का “रबर स्टाम्प”

रायपुर। देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की नियुक्ति को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने विवादित बयान देते हुए राष्ट्रपति मुर्मू को भारतीय जनता पार्टी का “रबर स्टाम्प” करार दिया है।
पांच दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे भूरिया ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि बीजेपी में जो नेता सिर्फ पार्टी की लाइन पर चलते हैं, उन्हें ही आदिवासी चेहरा बनाकर आगे बढ़ाया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रपति मुर्मू मणिपुर में आदिवासियों के नरसंहार और छत्तीसगढ़ में हो रही एट्रोसिटीज़ पर एक शब्द नहीं बोलतीं।
विक्रांत भूरिया ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जैसे ही आदिवासी मुख्यमंत्री बना, सबसे पहले हसदेव जंगल को काटा गया। अब तक एक लाख से अधिक पेड़ काटे जा चुके हैं और दो लाख और काटे जाने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि संघर्ष करने वाले आदिवासियों की बीजेपी में कोई जगह नहीं है, पार्टी केवल हां में हां मिलाने वालों को आगे बढ़ाती है।
गौरतलब है कि विक्रांत भूरिया पीसीसी चीफ दीपक बैज के साथ कांग्रेस के अहमदाबाद में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन से लौटकर छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं, जहां वे पांच दिवसीय शिविर में हिस्सा ले रहे हैं। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और बीजेपी की ओर से तीखी प्रतिक्रिया आने की संभावना है।