Arun Sao Statement: कानून-व्यवस्था पर बृजमोहन के पत्र को गंभीरता से लेगी सरकार – डिप्टी सीएम अरुण साव
Arun Sao Statement: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ भाजपा नेता और सांसद बृजमोहन अग्रवाल द्वारा मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र...

14, April, 2025 | रायपुर। Arun Sao Statement: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ भाजपा नेता और सांसद बृजमोहन अग्रवाल द्वारा मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र पर अब सरकार की प्रतिक्रिया सामने आई है। इस पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बृजमोहन अग्रवाल जैसे अनुभवी नेता के सुझावों को सरकार गंभीरता से लेगी और कानून व्यवस्था में सुधार के लिए उन पर विचार किया जाएगा।
हालांकि, अरुण साव ने कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “जिस पार्टी ने अपने कार्यकाल में प्रदेश को अपराध का अड्डा बना दिया, अब उन्हें कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।”
सांसद बृजमोहन ने उठाए कई अहम मुद्दे
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अपने पत्र में राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ते अपराध, बिगड़ती यातायात व्यवस्था और पुलिस बल की भारी कमी को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आग्रह किया कि पुलिस बल की रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती की जाए और अतिरिक्त बल की स्वीकृति दी जाए।
पुलिसिंग को लेकर क्या हैं आंकड़े?
सांसद अग्रवाल ने पत्र में लिखा है कि:
- रायपुर जिले की जनसंख्या 16 लाख से अधिक हो चुकी है। यदि बिरगांव, माना, मंदिरहसौद जैसे क्षेत्र भी जोड़ दिए जाएं, तो यह आंकड़ा 30 लाख के पार पहुंचता है।
- जिले में कुल 3805 पुलिस पद स्वीकृत हैं, लेकिन 796 पद रिक्त हैं।
- आरक्षक स्तर पर 2738 पदों में से केवल 2007 पद भरे गए हैं।
इस स्थिति से न सिर्फ आम जनता को परेशानी हो रही है, बल्कि पुलिस बल भी दबाव में काम कर रहा है।
ट्रैफिक व्यवस्था भी बड़ी चुनौती
रायपुर में 17 लाख से अधिक पंजीकृत वाहन हैं, लेकिन ट्रैफिक संभालने के लिए केवल 416 कर्मी ही तैनात हैं। जबकि बीपीआर एंड डी के मानकों के अनुसार यहां 2388 ट्रैफिक कर्मियों की जरूरत है।
अग्रवाल ने जोर दिया कि राजधानी के तेजी से बढ़ते स्वरूप और वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए अतिरिक्त बल जरूरी है, ताकि अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन और नागरिकों की सुरक्षा बेहतर तरीके से सुनिश्चित की जा सके।