FIR Against Anurag Kashyap: ब्राह्मण समाज पर विवादित टिप्पणी, अनुराग कश्यप के खिलाफ रायपुर में FIR दर्ज, सोशल मीडिया पर माफी भी मांगी
FIR Against Anurag Kashyap: बॉलीवुड के चर्चित निर्देशक अनुराग कश्यप एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। ब्राह्मण समाज को लेकर सोशल मीडिया पर की गई...
22, April, 2025 | रायपुर | FIR Against Anurag Kashyap: बॉलीवुड के चर्चित निर्देशक अनुराग कश्यप एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। ब्राह्मण समाज को लेकर सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के चलते अब उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू हो गई है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सिटी कोतवाली थाना में उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
यह कार्रवाई पंडित नीलकंठ त्रिपाठी की शिकायत पर की गई है, जिन्होंने आरोप लगाया कि अनुराग कश्यप ने ब्राह्मण समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 और 302 के तहत मामला दर्ज किया है।
फिल्म ‘फुले’ को लेकर भड़का विवाद
अनुराग कश्यप की आगामी फिल्म ‘फुले’, जो समाज सुधारक ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले के जीवन पर आधारित है, रिलीज से पहले ही विवादों में आ गई है। फिल्म पर जातिवादी भावनाएं भड़काने और ब्राह्मण विरोधी विचारधारा फैलाने के आरोप लग रहे हैं। इसी मुद्दे पर अनुराग कश्यप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की थी, जिसने आग में घी डालने का काम किया।
पोस्ट में ब्राह्मण समाज के प्रति कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद हिंदू संगठनों ने विरोध जताया और कोतवाली थाने में ज्ञापन सौंपा। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज की।
सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग के बाद अनुराग कश्यप ने मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद अनुराग कश्यप को सोशल मीडिया पर जबरदस्त ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। उनकी पोस्ट को लेकर नाराज लोगों ने उन्हें रेप और जान से मारने तक की धमकियां दीं। हालात बिगड़ते देख अनुराग कश्यप ने इंस्टाग्राम पर एक माफीनामा पोस्ट किया।
उन्होंने लिखा, “मैं माफी मांगता हूं, लेकिन पूरी पोस्ट के लिए नहीं, उस एक लाइन के लिए जो गलत तरीके से ली गई और नफरत का कारण बनी। कोई भी बयान इतना अहम नहीं होता जितना आपका परिवार, दोस्त और अपने लोग होते हैं। उन्हें धमकियां मिल रही हैं, जो गलत है।”
मामला अब कानूनी मोड़ पर
अनुराग कश्यप के खिलाफ दर्ज एफआईआर के बाद यह मामला अब कानूनी प्रक्रिया की दिशा में बढ़ रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, सोशल मीडिया पर भी यह मुद्दा गर्माया हुआ है, जहां लोग अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
एक ओर कुछ लोग इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बता रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर एक वर्ग इसे समाज विशेष की भावनाओं को आहत करने वाली सोची-समझी साजिश करार दे रहा है।
अब देखना होगा कि अनुराग कश्यप इस विवाद से किस तरह बाहर निकलते हैं और उनकी फिल्म ‘फुले’ की रिलीज पर इसका क्या असर पड़ता है।



