Dongargarh Ropeway Accident: डोंगरगढ़ में बड़ा हादसा, रोपवे टूटने से पूर्व गृहमंत्री समेत कई नेता घायल
Dongargarh Ropeway Accident: छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। बम्लेश्वरी देवी के दर्शन के लिए जा रहे नेताओं की ट्रॉली...
26, April, 2025 | डोंगरगढ़/राजनांदगांव। Dongargarh Ropeway Accident: छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। बम्लेश्वरी देवी के दर्शन के लिए जा रहे नेताओं की ट्रॉली का रोपवे अचानक टूटकर गिर गया, जिससे कई नेता घायल हो गए। हादसे में पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा बाल-बाल बच गए, जबकि भाजपा नेता भरत वर्मा को गंभीर चोटें आई हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना की जानकारी ली और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
दर्शन के लिए जा रहे थे नेता, अचानक टूटा रोपवे
सूत्रों के मुताबिक, जब बीजेपी नेता रामसेवक पैकरा, भरत वर्मा, दया सिंह और मनोज अग्रवाल सहित छह लोग रोपवे की ट्रॉली में सवार होकर बम्लेश्वरी माता के दर्शन के लिए ऊपर जा रहे थे, तभी अचानक एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर पड़ा। इस हादसे में भरत वर्मा को गंभीर चोटें आईं और उन्हें तत्काल राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें रायपुर शिफ्ट करने की तैयारी भी की जा रही है।
मेंटेनेंस में लापरवाही से हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि यह हादसा मेंटेनेंस में लापरवाही के कारण हुआ है। हाल ही में नवरात्रि से पहले रोपवे की मरम्मत की गई थी, लेकिन इसके बावजूद इतनी बड़ी घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने ली जानकारी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक्स (Twitter) पर हादसे को लेकर लिखा,
“डोंगरगढ़ में रोपवे हादसे का समाचार मिला है। रोपवे में वरिष्ठ भाजपा नेता रामसेवक पैकरा, भाजपा के प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा समेत अनेक लोग सवार थे। हादसे में भरत वर्मा आंशिक रूप से घायल हुए हैं। शेष सभी कुशल हैं। भरत वर्मा जी के भी शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।”
शक्तिपीठ है बम्लेश्वरी माता का मंदिर
डोंगरगढ़ में स्थित बम्लेश्वरी देवी का मंदिर एक प्रसिद्ध शक्तिपीठ है, जो पहाड़ की चोटी पर स्थित है। भक्त बड़ी संख्या में दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं और रोपवे के जरिये पहाड़ी तक जाते हैं। हादसे के बाद प्रशासन ने रोपवे सेवा को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है और पूरे मामले की गहन जांच के आदेश दे दिए हैं।



