छत्तीसगढ़

Raipur Accident News: सारागांव में ट्रेलर और माजदा की भिड़ंत में 13 की मौत, डिप्टी सीएम अरुण साव ने जताया शोक

Raipur Accident News: राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत बंगोली नाला के पास रविवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की...

12, May, 2025 | रायपुर | Raipur Accident News: राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत बंगोली नाला के पास रविवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की जान चली गई, जबकि 11 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दर्दनाक हादसा सारागांव के बंगोली नाले के पास एक माजदा वाहन और एक ट्रेलर ट्रक की टक्कर के कारण हुआ। मृतकों में 4 बच्चे और 9 महिलाएं शामिल हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, सभी पीड़ित बाना गांव में एक छट्ठी कार्यक्रम में शामिल होकर अपने गांव आरंग के चटौद लौट रहे थे। हादसे के समय माजदा वाहन में लगभग 50 लोग सवार थे। जब वाहन बंगोली गांव के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी, जिसके बाद माजदा एक डंपर से भी टकरा गई। बताया जा रहा है कि डंपर पुणे से रांची जा रहा था और पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दुर्घटना की खबर मिलते ही प्रशासन और पुलिस के उच्च अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।

इस भीषण हादसे पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि, “रायपुर जिले के सारागांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों के निधन का हृदय विदारक समाचार प्राप्त हो रहा है। महिलाओं बच्चों समेत 12 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की भी सूचना मिली है। जिला प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी बचाव कार्य में लगे हैं। घायलों के उपचार के लिए हर संभव प्रयास शासन की ओर से किए जा रहे हैं। ईश्वर पुण्यात्माओं को शांति व शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहन करने संबल प्रदान करें व घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। ॐ शांति “

दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान टिकेश्वरी साहू (45 वर्ष), कुमारी महिमा साहू (18 वर्ष), एकलव्य साहू (6 वर्ष), प्रभा साहू (34 वर्ष), नंदिनी साहू (53 वर्ष), उमंग साहू (5 माह), वर्षा साहू (28 वर्ष), गीता साहू (54 वर्ष), राजवती साहू (60 वर्ष), कृति साहू (50 वर्ष), कुंती साहू (55 वर्ष), टिकेश्वर साहू (35 वर्ष) और भूमि साहू (4 वर्ष) के रूप में हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button