छत्तीसगढ़

Congress’ “Beti Bachao Nyay Yatra”: लोरमी में मासूम की गुमशुदगी पर कांग्रेस की “बेटी बचाओ न्याय यात्रा”, लोरमी थाने का होगा घेराव

Congress' "Beti Bachao Nyay Yatra": छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र से लापता हुई 7 वर्षीय बच्ची को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस पार्टी “बेटी बचाओ न्याय यात्रा” का आयोजन करने...

20, April, 2025 | लोरमी। Congress’ “Beti Bachao Nyay Yatra”: छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र से लापता हुई 7 वर्षीय बच्ची को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस पार्टी “बेटी बचाओ न्याय यात्रा” का आयोजन करने जा रही है। यह पदयात्रा रविवार 20 अप्रैल से ग्राम कोसाबाड़ी से शुरू होकर लोरमी थाना तक पहुंचेगी। इस न्याय यात्रा में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज समेत कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और ग्रामीण शामिल होंगे।

11 अप्रैल से लापता है मासूम बच्ची, प्रशासन पर उठे सवाल

बताया जा रहा है कि लोरमी विधानसभा क्षेत्र के कोसाबाड़ी गांव की एक सात वर्षीय मासूम बच्ची 11 अप्रैल की रात से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है। बच्ची का परिवार अत्यंत गरीब है और घटना के बाद से परिजन लगातार न्याय की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अब तक प्रशासन या पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। इस मामले को लेकर शासन की निष्क्रियता और प्रशासन की लापरवाही पर कांग्रेस ने कड़ी नाराजगी जताई है।

“शासन को जगाने की जरूरत है” – कांग्रेस

इस मुद्दे पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने कहा कि यह सिर्फ एक परिवार की नहीं, पूरे समाज की बेटी की बात है। जब तक बच्ची को न्याय नहीं मिलता, कांग्रेस पार्टी शांत नहीं बैठेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि शासन प्रशासन कुंभकरणीय नींद में सोया है और लापता बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा पाने की स्थिति बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि न्याय यात्रा शासन को नींद से जगाने और मासूम को न्याय दिलाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।

बेटियों की सुरक्षा पर सवाल, कांग्रेस ने दिखाई सख्ती

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेश में लगातार बेटियों के साथ हो रहे अपराधों और बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर शासन की निष्क्रियता बेहद खतरनाक संकेत है। न्याय यात्रा केवल इस एक बच्ची के लिए नहीं, बल्कि पूरे राज्य में बेटियों की सुरक्षा और सम्मान के लिए आवाज उठाने की शुरुआत है।

कोसाबाड़ी से लोरमी थाना तक निकलेगी न्याय पदयात्रा

इस न्याय यात्रा का रूट कोसाबाड़ी से शुरू होकर कोदवा महंत, डोगरिया होते हुए लोरमी थाना तक तय किया गया है। पदयात्रा के जरिए कांग्रेस कार्यकर्ता लोरमी थाने का घेराव करेंगे और पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करेंगे।

नेताओं और कार्यकर्ताओं की रहेगी भागीदारी

इस न्याय पदयात्रा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के साथ जिला और ब्लॉक स्तर के कांग्रेस पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन शामिल होंगे। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि जब तक मासूम बच्ची को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button