Sukma IED Blast Update: सुकमा में बड़ा नक्सली हमला, IED ब्लास्ट में ASP आकाश गिरपुंजे शहीद, कई अधिकारी घायल
Sukma IED Blast Update: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से एक बार फिर नक्सल आतंक की दर्दनाक तस्वीर सामने आई है। सोमवार सुबह कोंटा–एर्राबोर..
09, June, 2025 | Sukma IED Blast Update: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से एक बार फिर नक्सल आतंक की दर्दनाक तस्वीर सामने आई है। सोमवार सुबह कोंटा–एर्राबोर मार्ग पर माओवादियों द्वारा बिछाए गए IED विस्फोट में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) आकाश राव गिरपुंजे शहीद हो गए। इस हमले में एक जवान समेत कई पुलिस अधिकारी घायल हो गए हैं, जिनमें SDOP भानुप्रताप चंद्राकर और कोंटा थाना प्रभारी सोनल ग्वाला भी शामिल हैं। घटना के बाद से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर है।
फंदीगुड़ा में प्रेशर IED धमाका, ASP की मौके पर ही हालत गंभीर
यह हमला सुकमा जिला मुख्यालय से करीब 80 किलोमीटर दूर डोंडरा और फंदीगुड़ा के बीच हुआ। रविवार रात माओवादियों ने फंदीगुड़ा क्षेत्र में एक क्रशर प्लांट को निशाना बनाते हुए जेसीबी मशीन को आग के हवाले कर दिया था। माओवादियों ने इलाके में प्रेशर IED भी बिछा रखे थे। इस घटना की जांच करने सोमवार सुबह ASP आकाश राव गिरपुंजे के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। जैसे ही टीम मौके की ओर बढ़ी, एक IED विस्फोट हो गया।

इस विस्फोट में ASP आकाश राव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल कोंटा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। बाकी घायल अधिकारियों को प्राथमिक उपचार के बाद एयरलिफ्ट कर रायपुर भेजे जाने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
भारत बंद से पहले माओवादियों की साजिश
यह हमला माओवादियों द्वारा 10 जून को घोषित भारत बंद के ठीक पहले हुआ है, जिससे साफ है कि वे सुरक्षाबलों को निशाना बनाकर प्रदेश में भय का माहौल बनाना चाहते हैं। ASP आकाश राव गिरपुंजे अपनी टीम के साथ संभावित माओवादी हमलों को रोकने के लिए क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। उनकी शहादत न केवल पुलिस बल के लिए, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गहरी क्षति है।
साहसी अधिकारी थे ASP आकाश राव गिरपुंजे
ASP आकाश राव गिरपुंजे को एक साहसी, जिम्मेदार और समर्पित अधिकारी के रूप में जाना जाता था। उन्होंने नक्सल प्रभावित इलाकों में लगातार ड्यूटी करते हुए कई सफल ऑपरेशन में हिस्सा लिया था। उनके शहीद होने की खबर फैलते ही पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई। राज्य सरकार, पुलिस विभाग और वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके बलिदान को नमन किया है और भरोसा दिलाया है कि यह बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।
इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज, नक्सलियों की तलाश शुरू
इस नृशंस हमले के बाद पुलिस और सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। घटना स्थल और आसपास के जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने हमले के पीछे शामिल नक्सलियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए हर स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
नक्सल हिंसा का चेहरा फिर उजागर
सुकमा में हुआ यह हमला एक बार फिर यह दर्शाता है कि माओवादी अब भी हिंसा और आतंक के रास्ते पर चल रहे हैं। भले ही राज्य में सुरक्षा बलों ने नक्सल मोर्चे पर लगातार सफलता पाई हो, लेकिन माओवादी संगठन अब भी मौका पाकर सुरक्षाबलों को निशाना बनाने से नहीं चूकते। ऐसे में जरूरत है और भी मजबूत सुरक्षा रणनीति और लगातार निगरानी की, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
राज्यभर में शोक, बलिदान को सलाम
ASP आकाश राव गिरपुंजे की शहादत ने राज्य पुलिस बल को एक बार फिर झकझोर कर रख दिया है। उनके निधन पर राज्यभर से शोक संवेदनाएं आ रही हैं। अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आम लोग उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दे रहे हैं। राज्य सरकार ने उनके परिवार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। शहीद गिरपुंजे का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा।



