Chhattisgarh Chief Secretary: छत्तीसगढ़ को आज मिल सकता है नया मुख्य सचिव, सीएम साय और राज्यपाल की मुलाकात के बाद बढ़ी अटकलें
Chhattisgarh Chief Secretary: छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। 29 जून की शाम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अचानक राज्यपाल...
रायपुर। Chhattisgarh Chief Secretary: छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। 29 जून की शाम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अचानक राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की, जिससे राज्य में मुख्य सचिव की नियुक्ति और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब मौजूदा मुख्य सचिव अमिताभ जैन आज, 30 जून को रिटायर हो रहे हैं। ऐसे में आज ही छत्तीसगढ़ को 13वां मुख्य सचिव मिल सकता है।
दो नाम सबसे आगे, आज हो सकता है ऐलान
सूत्रों के मुताबिक, नए मुख्य सचिव की रेस में दो सीनियर IAS अफसरों के नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं —
-
सुब्रत साहू (1992 बैच)
-
मनोज पिंगुआ (1994 बैच)
सुब्रत साहू, जो वर्तमान में धार्मिक न्यास और धर्मस्व विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हैं, रामलला तीर्थ दर्शन योजना जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभा रहे हैं। एक सर्वे में उन्हें देश के 50 सबसे प्रभावशाली IAS अफसरों में भी शामिल किया गया था।
वहीं, मनोज पिंगुआ को मुख्यमंत्री सचिवालय की पहली पसंद माना जा रहा है। वे वर्तमान में गृह और जेल विभाग के अपर मुख्य सचिव हैं और IAS एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं। उनके पास केंद्र और राज्य दोनों का प्रशासनिक अनुभव है। उन्होंने धमतरी, सरगुजा और जांजगीर-चांपा जैसे जिलों में कलेक्टर के रूप में भी सेवाएं दी हैं। साथ ही वे केंद्रीय जनजाति मंत्रालय में संयुक्त सचिव के रूप में भी काम कर चुके हैं।
सीएम और राज्यपाल की मुलाकात को माना जा रहा संकेत
सीएम साय की राज्यपाल से मुलाकात को राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टिकोण से बेहद अहम माना जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि इस दौरान मुख्य सचिव की नियुक्ति से जुड़ी जानकारी राज्यपाल को दी गई होगी। सीएम सचिवालय द्वारा जारी तस्वीरों में मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को शॉल भेंट कर सम्मानित किया और राज्यहित से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
क्या मंत्रिमंडल विस्तार की भी चर्चा?
प्रदेश में मंत्रिमंडल में दो पद खाली हैं, और यदि हरियाणा फॉर्मूला लागू होता है तो एक और मंत्री की नियुक्ति संभव है। इस लिहाज से तीन नए चेहरे कैबिनेट में शामिल किए जा सकते हैं। ऐसे में इस मुलाकात को मंत्रिमंडल विस्तार से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
इन वरिष्ठ अधिकारियों के नाम भी रहे चर्चा में
-
सुबोध सिंह: हाल ही में केंद्र से लौटे, वर्तमान में सीएम सचिवालय में प्रमुख सचिव हैं।
-
रेणु पिल्लै (1991 बैच): विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग की एसीएस हैं।
-
ऋचा शर्मा (1994 बैच): फॉरेस्ट एंड क्लाइमेट चेंज की एसीएस।
-
निधि छिब्बर (1994 बैच): वर्तमान में केंद्र में फूड प्रोसेसिंग विभाग की सचिव।
-
विकासशील (1994 बैच): एशियन डेवलपमेंट बैंक में कार्यरत।
जल्द मिल सकता है स्थायी DGP भी
IPS अरुण देव गौतम फिलहाल अस्थायी DGP की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उनके व्यवहार और प्रशासनिक पकड़ को देखते हुए माना जा रहा है कि स्थायी डीजीपी की नियुक्ति में उनका नाम सबसे प्रबल है। छत्तीसगढ़ में अब तक यह परंपरा रही है कि कार्यवाहक डीजीपी को ही स्थायी नियुक्ति दी जाती है।
छत्तीसगढ़ में मुख्य सचिव की नियुक्ति और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। सीएम और राज्यपाल की मुलाकात ने संकेत दे दिए हैं कि जल्द ही बड़े फैसले सामने आ सकते हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कौन बनेगा छत्तीसगढ़ का नया मुख्य सचिव और क्या कैबिनेट में नए चेहरों की एंट्री भी होगी?



