CG MONSOON ALERT | दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट, मानसूनी सिस्टम ने पकड़ी रफ्तार

रायपुर, 24 जुलाई 2025। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है और राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को दक्षिण छत्तीसगढ़ – विशेषकर बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और कोरबा जिलों में मूसलधार वर्षा हो सकती है। इन क्षेत्रों में निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की आशंका है।
मानसून की स्थिति –
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून द्रोणिका वर्तमान में फिरोजपुर से बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रीय परिसंचरण तंत्र सक्रिय है, जो 3.1 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। इसके प्रभाव से एक नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है, जो अगले 24 घंटे में छत्तीसगढ़ में बारिश को और तेज कर सकता है।
इसके अतिरिक्त अरब सागर से बंगाल की खाड़ी तक फैली एक अन्य द्रोणिका भी प्रदेश में वायुमंडलीय नमी पहुंचा रही है। इसका असर गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश होते हुए छत्तीसगढ़ तक देखने को मिलेगा।
राजधानी रायपुर और अन्य क्षेत्रों में राहत और उमस दोनों –
राजधानी रायपुर में बुधवार को हुई तेज बारिश ने कुछ समय के लिए लोगों को राहत दी, लेकिन शाम तक फिर से उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान किया। हालांकि आसमान में काले बादलों की मौजूदगी ने वर्षा की उम्मीद जरूर जगा दी है।
बिलासपुर में सामान्य से अधिक वर्षा –
बिलासपुर में पिछले कुछ दिनों से सामान्य से अधिक वर्षा हो चुकी है, जिससे जमीन में नमी की मात्रा बढ़ गई है। लेकिन उमस के कारण लोगों को राहत नहीं मिल रही है।
वज्रपात को लेकर चेतावनी –
मौसम विभाग ने गरज-चमक और वज्रपात की संभावना को देखते हुए नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की है। खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे, ऊँची छतों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।



