RUSSIA EARTHQUAKE | रूस के कामचटका में 8.8 तीव्रता का भूकंप, जापान-अमेरिका समेत कई देशों में सुनामी अलर्ट

मॉस्को/टोक्यो। रूस के सुदूर पूर्वी कामचटका प्रायद्वीप में बुधवार सुबह जबरदस्त भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 8.8 मापी गई है। भूकंप समुद्र के नीचे आया, जिससे प्रशांत महासागर के कई तटीय देशों में सुनामी का खतरा मंडराने लगा है।
अमेरिका और जापान की एजेंसियों ने Tsunami Watch जारी करते हुए समुद्र तटीय इलाकों को खाली करने का आदेश दिया है।
सुनामी की लहरें 5 मीटर तक ऊंची –
रूस के सेवेरो-कुरील्स्क के पास 3 से 5 मीटर तक ऊंची लहरें उठी हैं।
हवाई के हलेइवा में समुद्री स्तर से 4 फीट ऊंची लहरें रिकॉर्ड की गईं।
जापान के चिबा और होक्काइडो तटों पर भी सुनामी की हल्की लहरें देखी गईं।
फुकुशिमा न्यूक्लियर प्लांट को अलर्ट के बाद खाली कराया गया है।
अमेरिका, जापान, चिली समेत कई देशों में अलर्ट –
जापान में 19 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश।
अमेरिका के कैलिफोर्निया और हवाई तटों पर चेतावनी।
चिली, पेरू, इक्वाडोर, मेक्सिको, पनामा, कोलंबिया जैसे दक्षिण अमेरिकी देशों में भी अलर्ट जारी।
गुआम में तीन फीट और हवाई में छह फीट तक ऊंची लहरों की संभावना।
कामचटका में बिजली ग्रिड ध्वस्त, स्कूल क्षतिग्रस्त –
सखालिन क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है।
एक किंडरगार्टन स्कूल को नुकसान पहुंचा, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ।
2700 लोगों को कामचटका से निकाला गया।
1952 के बाद का सबसे शक्तिशाली भूकंप –
विशेषज्ञों के मुताबिक यह 1952 के 9.0 तीव्रता वाले भूकंप के बाद अब तक का सबसे शक्तिशाली झटका है।
इस महीने कामचटका क्षेत्र में पांच बार भूकंप आ चुका है।
अब तक करीब 30 आफ्टरशॉक्स दर्ज किए जा चुके हैं।
अंतरराष्ट्रीय चेतावनी जारी –
US Tsunami Warning Center और Pacific Tsunami Warning Center की रिपोर्ट में कहा गया है कि ताइवान, फिलीपींस, समोआ, इंडोनेशिया, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया सहित दर्जनों द्वीप देश खतरे में हैं।
हवाई में भारी ट्रैफिक जाम और लोगों का समुद्र तटों से पलायन जारी है।
यह प्राकृतिक आपदा सिर्फ रूस तक सीमित नहीं रही। प्रशांत महासागर से सटे तमाम देशों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। राहत एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।



