PRIYANKA DEFENDS RAHUL | जज तय नहीं करेंगे कौन सच्चा भारतीय – प्रियंका गांधी का सुप्रीम कोर्ट को जवाब

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के चीन कब्जे वाले बयान पर सुप्रीम कोर्ट की तल्ख टिप्पणी के बाद देश की सियासत गरमा गई है। कोर्ट ने राहुल गांधी से पूछा था कि “आपको कैसे पता कि चीन ने 2000 वर्ग किलोमीटर जमीन पर कब्जा किया है? आपके पास क्या सबूत है? अगर आप सच्चे भारतीय हैं, तो ऐसी बात नहीं कह सकते।” इस पर अब राहुल गांधी की बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी उनके बचाव में उतर आई हैं।
संसद परिसर में मीडिया से बात करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, “कौन सच्चा भारतीय है और कौन नहीं, ये न्यायपालिका के दायरे में नहीं आता। कोई जज यह तय नहीं कर सकता। मैं यह बात न्यायपालिका के प्रति पूरे आदर के साथ कह रही हूं।”
प्रियंका ने आरोप लगाया कि यह सब सरकार की ओर से कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने हमेशा सेना का सम्मान किया है, उनके दिल में सैनिकों और अफसरों के प्रति गहरा आदर है। “नेता प्रतिपक्ष का कर्तव्य है कि सरकार से सवाल किया जाए, लेकिन सरकार को यह पसंद नहीं, इसलिए वो ऐसा कर रही है।”
संसद और SIR मुद्दे पर सरकार पर निशाना
प्रियंका गांधी ने संसद स्थगित होने पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, “सदन क्यों नहीं चला रहे? क्या इतने दुर्बल हो गए हैं कि सदन नहीं चला पा रहे? SIR पूरे देश में हो रहा है, ये देश का मुद्दा है। आपने ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की, SIR पर भी करिए। देश को सुनने दीजिए, इसमें घबराहट क्यों है?”



