PRIYA MARATHE DEATH | नहीं रही पवित्र रिश्ता फ़ेम मशहूर एक्ट्रेस प्रिया मराठे

मुंबई। एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। टीवी की मशहूर एक्ट्रेस प्रिया मराठे का रविवार 31 अगस्त 2025 को मुंबई में निधन हो गया। वह मात्र 38 वर्ष की थीं और पिछले एक साल से कैंसर से जूझ रही थीं। इलाज के बावजूद वह बीमारी को मात नहीं दे सकीं और आज उन्होंने इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया।
कैंसर से जंग हार गईं प्रिया
प्रिया मराठे लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थीं। इलाज के दौरान भी उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी, लेकिन आखिरकार बीमारी ने उनकी जिंदगी छीन ली। उनके निधन की खबर से परिवार, करीबी और फैंस गहरे सदमे में हैं।
एक्टिंग करियर की शुरुआत
23 अप्रैल 1987 को मुंबई में जन्मी प्रिया ने यहीं से पढ़ाई पूरी करने के बाद एक्टिंग में कदम रखा। उन्होंने मराठी सीरियल ‘या सुखानोया’ और ‘चार दिवस सासुचे’ से टीवी इंडस्ट्री में डेब्यू किया। इसके बाद वह बालाजी टेलीफिल्म्स के शो ‘कसम से’ में नजर आईं।
टीवी के पॉपुलर शो ‘कॉमेडी सर्कस’ के पहले सीजन में भी उन्होंने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई थी।
‘पवित्र रिश्ता’ से मिली पहचान
प्रिया मराठे को सबसे ज्यादा लोकप्रियता ज़ी टीवी के सुपरहिट शो ‘पवित्र रिश्ता’ से मिली, जिसमें उन्होंने वर्षा का किरदार निभाया। इस भूमिका ने उन्हें दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई।
प्रिया मराठे न केवल टीवी की चर्चित एक्ट्रेस थीं बल्कि एक प्रतिभाशाली स्टैंड-अप कॉमेडियन भी थीं। उनके निधन से पूरी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। फैंस और सेलेब्स सोशल मीडिया पर उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दे रहे हैं।



