CG NEWS | जगदलपुर सर्किट हाउस में विवाद, मंत्री केदार कश्यप पर मारपीट का आरोप

CG NEWS | Dispute in Jagdalpur Circuit House, Minister Kedar Kashyap accused of assault
जगदलपुर। सर्किट हाउस में रविवार देर रात बड़ा विवाद खड़ा हो गया। वन एवं परिवहन मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता केदार कश्यपपर सर्किट हाउस के एक कर्मचारी ने मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। कर्मचारी का कहना है कि दौरे से लौटने के बाद मंत्री देर से दरवाजा खोलने की वजह से नाराज हुए और हाथापाई की।
हालांकि, मंत्री केदार कश्यप ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा “मैंने सिर्फ कर्मचारियों को डांटा था, मारपीट का आरोपपूरी तरह गलत है।” उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके देवतुल्य कार्यकर्ताओं का अपमान सहन नहीं किया जा सकता।
कांग्रेस का पलटवार
इस मामले पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस नेताओं ने निचले स्तर के कर्मचारियों से मारपीट को गंभीर मामला बताते हुए मंत्री के खिलाफ जगदलपुर कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई। कांग्रेस ने कहा कि भाजपा सरकार में कर्मचारी सुरक्षित नहीं हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं का बचाव
वहीं घटना के समय मौजूद भाजपा कार्यकर्ता कीर्ति पाढ़ी और अन्य नेताओं ने मंत्री का बचाव किया। उनका कहना है कि मंत्री ने सिर्फ व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई थी। कर्मचारियों द्वारा लगाए गए मारपीट के आरोप पूरी तरह झूठे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि केदार कश्यप हमेशा कार्यकर्ताओं के सम्मान और हित के लिए खड़े रहते हैं।
इस विवाद ने राजनीतिक गर्मी बढ़ा दी है। एक तरफ कांग्रेस इसे कर्मचारियों के अपमान से जोड़ रही है, वहीं भाजपा नेता इसे साजिश और झूठा आरोप बता रहे हैं।



