ROHINI ACHARYA | राजद की हार के बाद रोहिणी का सियासत से ब्रेक! परिवार से भी दूरी का ऐलान

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में राजद की करारी हार के बाद लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने राजनीति और अपने परिवार से दूरी बनाने का चौंकाने वाला ऐलान कर दिया है। सिंगापुर में रहने वाली रोहिणी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि वह राजनीति छोड़ रही हैं और परिवार से भी अलग रहना चाहती हैं। उन्होंने संजय यादव और रमीज का नाम लेते हुए कहा कि यह कदम उन्होंने उन्हीं के कहने पर उठाया है, हालांकि इसके कारण स्पष्ट नहीं बताए गए।
सूत्रों के मुताबिक यह कयास लगाए जा रहे हैं कि रोहिणी तेज प्रताप यादव के पार्टी से निष्कासन से नाराज थीं। हालांकि विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान वह तेजस्वी यादव के साथ सक्रिय नजर आई थीं।
रोहिणी आचार्य ने कुछ वर्ष पहले अपने पिता लालू प्रसाद यादव को किडनी दान कर राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी चर्चा बटोरी थी। वे सारण लोकसभा सीट से चुनाव लड़ चुकी हैं, लेकिन वहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
तेजस्वी यादव के बेहद करीबी माने जाने वाले संजय यादव और रमीज ने रोहिणी के आरोपों पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों में राजद महज 24 सीटों पर सिमट गई, जबकि एनडीए ने 202 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया। इस सियासी पराजय के बीच रोहिणी का फैसला लालू परिवार और राजद के भीतर बढ़ते तनाव को और स्पष्ट करता दिख रहा है।



