CG BREAKING | बंद हो सकती है LPG सिलेंडर की डिलीवरी, डिस्ट्रीब्यूटर्स ने दी चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एलपीजी गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स ने कमीशन बढ़ाने की मांग को लेकर बड़ा आंदोलन शुरू कर दिया है। एचपीसीएल, बीपीसीएल और इंडियन ऑयल से जुड़े डिस्ट्रीब्यूटर्स ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो 6 नवंबर से एलपीजी सिलेंडर की होम डिलीवरी पूरी तरह बंद कर दी जाएगी।
क्यों भड़के डिस्ट्रीब्यूटर्स –
डिस्ट्रीब्यूटर्स का कहना है कि डीजल, स्टाफ सैलरी और बिजली खर्च लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन कमीशन में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई। इससे एजेंसी संचालकों में नाराजगी है।
तीन चरणों में आंदोलन –
1. पहला चरण : डिस्ट्रीब्यूटर्स और स्टाफ काली पट्टी बांधकर विरोध कर रहे हैं।
2. दूसरा चरण : 29 अक्टूबर को शाम 7 बजे सभी जिला मुख्यालयों में मशाल और मोमबत्ती जलाकर प्रदर्शन किया जाएगा।
3. तीसरा चरण : 6 नवंबर से “नो मनी, नो इंडेंट” नीति लागू की जाएगी। यानी एडवांस राशि जमा किए बिना सिलेंडर बुक नहीं होगा।
अगर इसके बाद भी मांगें नहीं मानी गईं, तो अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू होगी और होम डिलीवरी सेवा ठप हो जाएगी।
लाखों उपभोक्ताओं पर असर –
सिर्फ रायपुर जिले में तीनों कंपनियों के करीब 3 लाख ग्राहक हैं। डिलीवरी बंद होने पर नवंबर के पहले सप्ताह में उपभोक्ताओं को बड़ी परेशानी झेलनी पड़ सकती है। राज्यभर में लाखों लोग प्रभावित होंगे।
डिस्ट्रीब्यूटर्स ने कहा “हमारी लागत बढ़ रही है, लेकिन कमीशन जस का तस है। जब तक मांगें नहीं मानी जातीं, आंदोलन जारी रहेगा।”



