RAIPUR NEWS | सूदखोर तोमर बंधुओं की गुंडागर्दी फिर बेनकाब, व्यापारी की शिकायत पर 8वीं FIR दर्ज

रायपुर। राजधानी में कुख्यात सूदखोर और हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं विरेंद्र सिंह तोमर और रोहित तोमर की धमकियों और जबरन वसूली का एक और मामला सामने आया है। देवेंद्र नगर थाना पुलिस ने कारोबारी संजय चांडक की शिकायत पर दोनों के खिलाफ आठवीं FIR दर्ज की है।
क्या है मामला?
पीड़ित संजय चांडक ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2021 में विरेंद्र और रोहित तोमर उनकी दुकान से बैडशीट, पर्दे समेत लगभग 10 लाख 50 हजार रुपए का सामान धमकाकर ले गए थे।
जब व्यापारी ने पैसे की मांग की, तो आरोपियों ने खुद को करणी सेना का अध्यक्ष बताते हुए दुकान बंद करवाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। लगातार मिल रही धमकियों के कारण व्यापारी लंबे समय तक पुलिस के पास नहीं पहुंच सका, लेकिन हाल ही में हिम्मत जुटाकर शिकायत दर्ज कराई।
एक जेल में, दूसरा 5 महीने से फरार
पुलिस के मुताबिक, विरेंद्र सिंह तोमर इस समय जेल में बंद है। जबकि उसका भाई रोहित तोमर पिछले 5 महीनों से फरार है। उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। दोनों के खिलाफ रायपुर के अलग–अलग थानों में कुल 8 मामले दर्ज हो चुके हैं।
पुलिस जांच में जुटी
देवेंद्र नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटाए जा रहे हैं और फरार रोहित की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।



