BREAKING | BJP का बड़ा दांव, नितिन नबीन बने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को बिहार सरकार के मंत्री और पांच बार के विधायक नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। यह फैसला इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि पार्टी में लंबे समय से जेपी नड्डा के बाद अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर चर्चा चल रही थी। नए अध्यक्ष के चुनाव तक नितिन नबीन यह जिम्मेदारी संभालेंगे।

45 वर्षीय नितिन नबीन बीजेपी के सबसे कम उम्र के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बन गए हैं। इससे पहले अमित शाह जब पार्टी अध्यक्ष बने थे, तब उनकी उम्र 50 साल थी। नितिन नबीन सिन्हा कायस्थ समुदाय से आते हैं और वर्तमान में बिहार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री हैं।
वे पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं। नितिन नबीन ने पहली बार 2006 के उपचुनाव में जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2010, 2015, 2020 और 2025 में भी उन्होंने जीत का सिलसिला कायम रखा। 2025 के चुनाव में उन्होंने 98,299 वोट हासिल कर आरजेडी की रेखा कुमारी को 51,936 वोटों के बड़े अंतर से हराया, जो उनकी अब तक की सबसे बड़ी जीत रही।
नितिन नबीन, बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के बेटे हैं। राजनीति में आने से पहले वे भाजपा युवा मोर्चा में सक्रिय रहे और संगठनात्मक क्षमता के लिए पहचाने गए।
बीजेपी ने उन्हें छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव का प्रभारी भी बनाया था, जहां पार्टी को बड़ी जीत मिली। सरकार और संगठन—दोनों स्तरों पर काम करने का उनका अनुभव पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है।
गौरतलब है कि जेपी नड्डा को लोकसभा चुनाव के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया था। उनका राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल जून 2024 में खत्म हो चुका था और वे तब से एक्सटेंशन पर थे। अब नए अध्यक्ष के चुनाव तक नितिन नबीन यह भूमिका निभाएंगे।



