RAIPUR AIRPORT UPDATE | रायपुर एयरपोर्ट पर उड़ानें पटरी पर लौटीं

रायपुर। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से उड़ानों की आवाजाही अब धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में लौट रही है। मुंबई से शाम पांच बजे रायपुर आने वाली एक फ्लाइट को छोड़कर अन्य सभी शहरों से आने-जाने वाली फ्लाइट्स नियमित ट्रैक पर आ चुकी हैं। पिछले करीब 10 दिनों से उड़ान संचालन बाधित होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, मुंबई-रायपुर-मुंबई रूट की तीसरी प्रभावित फ्लाइट भी रविवार से दोबारा रेगुलर होने की उम्मीद है। यात्रियों की दिक्कतों को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और एयरपोर्ट प्रबंधन लगातार निगरानी बनाए हुए है।
स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से सबसे अधिक उड़ानों का संचालन करने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट्स बीते दस दिनों से सबसे ज्यादा प्रभावित रही हैं। विमानों की संख्या कम होने की वजह से कई उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। बुधवार के बाद रायपुर से संचालित होने वाली 27 से 30 नियमित उड़ानों में से तीन फ्लाइट्स स्थगित हो रही थीं।
शनिवार को स्थिति में सुधार देखने को मिला और रद्द होने वाली फ्लाइट्स की संख्या घट गई। हालांकि, रविवार को भी मुंबई-रायपुर-मुंबई के बीच शाम पांच बजे संचालित होने वाली एक फ्लाइट नहीं उड़ सकी।
वहीं, शनिवार को अन्य सभी शहरों के लिए उड़ानें संचालित हुईं। दिल्ली की एयर इंडिया फ्लाइट और बेंगलुरु की एक फ्लाइट अपने तय समय से करीब एक घंटे की देरी से रायपुर पहुंची।
एयरपोर्ट प्रबंधन का दावा है कि अब यात्रियों को किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। यात्रियों की समस्याओं के समाधान के लिए स्थानीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।



