chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

REPUBLIC DAY 2026 | विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प

 

रायपुर, 26 जनवरी 2026। 77वें गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि संविधान, लोकतंत्र और सुशासन के मूल्यों के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण राज्य सरकार का संकल्प है। मुख्यमंत्री ने बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और संयुक्त परेड की सलामी ली। इस मौके पर उन्होंने शहीद सैनिकों और पुलिस जवानों के परिजनों को सम्मानित किया और छत्तीसगढ़ पुलिस बल को राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ का पदक देने की घोषणा की।

गणतंत्र दिवस संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का संविधान समानता, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक आस्था की मजबूत नींव है। छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा, विकास और समृद्धि के लिए सरकार पूरी निष्ठा से काम कर रही है। उन्होंने राज्य की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं, नक्सल उन्मूलन, किसानों-महिलाओं-श्रमिकों के सशक्तीकरण, शिक्षा-स्वास्थ्य, औद्योगिक विकास और सुशासन पर विस्तार से बात रखी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गणतंत्र दिवस बलिदान और त्याग को स्मरण करने का दिन है। उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन करते हुए बाबा गुरु घासीदास जी के “मनखे-मनखे एक समान” के संदेश को संविधान की आत्मा बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय गणतंत्र हर नागरिक को राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने का अवसर देता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि राज्य स्थापना की रजत जयंती मना चुके छत्तीसगढ़ ने 25 वर्षों में विकास की सशक्त यात्रा तय की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोकार्पित नवनिर्मित छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन छत्तीसगढ़ी अस्मिता का प्रतीक है। उन्होंने वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने, जनजातीय गौरव दिवस, भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और शहीद वीर नारायण सिंह डिजिटल संग्रहालय का भी उल्लेख किया।

नक्सलवाद पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्णायक रणनीति के चलते माओवादी हिंसा अंतिम चरण में है और मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त करने का लक्ष्य तय किया गया है। आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास, बस्तर कैफे और नियद नेल्ला नार जैसी योजनाओं से प्रभावित क्षेत्रों में विकास को गति मिली है।

किसानों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में धान खरीदी 149 लाख मीट्रिक टन तक पहुंच चुकी है और बीते दो वर्षों में डेढ़ लाख करोड़ रुपये किसानों के खातों में अंतरित किए गए हैं। अटल सिंचाई योजना के तहत 115 लंबित परियोजनाएं पूरी की जा रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 26 लाख से अधिक आवास स्वीकृत हुए हैं, वहीं राज्य विद्युत उत्पादन में देश में दूसरे स्थान पर है।

महिला सशक्तीकरण के तहत महतारी वंदन योजना से 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की सहायता दी जा रही है। शिक्षा में युक्तियुक्तकरण, स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर, नई मेडिकल कॉलेजों की स्वीकृति और हिंदी में एमबीबीएस की पढ़ाई जैसे कदम उठाए गए हैं। नई औद्योगिक नीति के तहत 7.83 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं और नवा रायपुर को आईटी-एआई-मेडिकल हब के रूप में विकसित किया जा रहा है।

समारोह में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, वहीं विभिन्न विभागों की झांकियों ने प्रदेश की विकास यात्रा को दर्शाया। अंत में मुख्यमंत्री ने जनभागीदारी का आह्वान करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सभी से सहभागिता की अपील की।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button