chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

AMIT SHAH RAIPUR | अमित शाह की मैराथन बैठक, नक्सलवाद पर बड़ा दावा

 

रायपुर, 8 फरवरी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नवा रायपुर में नक्सल ऑपरेशन को लेकर मैराथन समीक्षा बैठक की और बड़ा दावा किया कि 31 मार्च से पहले नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त हो जाएगा। बैठक में नक्सल प्रभावित राज्यों के डीजीपी और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

गृह मंत्री शाह ने एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार और अधिकारियों के साथ नक्सल विरोधी अभियानों की गहन समीक्षा की गई। उन्होंने लिखा कि सिक्योरिटी सेंट्रिक स्ट्रेटजी, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, नक्सल फाइनेंशियल नेटवर्क पर कड़ा प्रहार और प्रभावी आत्मसमर्पण नीति के सकारात्मक नतीजे सामने आए हैं।

सूत्रों के मुताबिक अब नक्सली गतिविधियां छत्तीसगढ़ के बीजापुर और सुकमा के कुछ हिस्सों समेत तीन-चार जिलों तक सीमित रह गई हैं। कुल सक्रिय नक्सलियों की संख्या लगभग 200 के आसपास बताई गई है, जिनमें से कुछ के जल्द ही हथियार डालने की संभावना है। तेलंगाना और ओडिशा के डीजीपी ने भी अपने राज्यों में चल रहे अभियानों की जानकारी साझा की। बताया गया कि तेलंगाना में कई बड़े नक्सलियों ने समर्पण किया है।

बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, गृह मंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय गृह सचिव, आईबी निदेशक, गृह मंत्रालय के विशेष सचिव (आंतरिक सुरक्षा), सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी और एनआईए के महानिदेशक सहित छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र, झारखंड और तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक शामिल हुए।

बैठक से पहले गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह 31 मार्च की डेडलाइन से पहले की अहम बैठक हो सकती है। साथ ही बस्तर के समग्र विकास और उसे देश के सबसे समृद्ध व सुंदर क्षेत्रों में शामिल करने को लेकर भी चर्चा हुई।

सीएम विष्णु देव साय ने एक्स पर लिखा कि यह बैठक नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक प्रगति का संकेत है और डबल इंजन सरकार की रणनीति के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि 31 मार्च तक छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त बनाने के संकल्प की दिशा में सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button