chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

CG ONLINE SATTA | ‘किंगडम बुक’ सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ …

 

कवर्धा। छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ लगातार कार्रवाई के बीच कवर्धा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। ‘महादेव’ एप के बाद अब ‘किंगडम बुक डॉट कॉम’ नाम से चल रहे ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का खुलासा हुआ है। इस मामले में जिले में सट्टा संचालन कर रहे सत्यवीर सिंह खुराना उर्फ राजा सरदार को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस को लंबे समय से जिले में अवैध ऑनलाइन सट्टा संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। जांच में सामने आया कि आरोपी ‘किंगडम बुक डॉट कॉम’ प्लेटफॉर्म के जरिए बड़े पैमाने पर सट्टा खिला रहा था। छापेमारी के दौरान उसके कब्जे से 2-3 मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और ऑनलाइन सट्टे से जुड़े महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए गए हैं।

रायपुर से चल रहा था नेटवर्क

जांच में खुलासा हुआ है कि इस नेटवर्क का मास्टरमाइंड रायपुर निवासी अनीश खान है, जो सुपर आईडी उपलब्ध कराता था। राजा सरदार उसके निर्देश पर कवर्धा जिले में ऑनलाइन सट्टे का बड़ा जाल बिछाए हुए था। फिलहाल अनीश खान और उसका सहयोगी स्वयंम खुराना फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

70 से 80 आईडी, करोड़ों का लेन-देन

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस नेटवर्क के जरिए 70 से 80 ऑनलाइन आईडी वितरित की गई थीं। इन आईडी के माध्यम से करोड़ों रुपये का ट्रांजैक्शन हुआ है। जब्त मोबाइल और डिजिटल डेटा की फॉरेंसिक जांच की जा रही है, जिससे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना है।

पहले भी जा चुका है जेल

बताया जा रहा है कि आरोपी राजा सरदार पहले गांजा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। अब एक बार फिर अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर उसे गिरफ्तार किया गया है।

एसपी का बयान

कवर्धा एसपी धर्मेंद्र सिंह छवई ने बताया कि आरोपी ‘किंगडम बुक डॉट कॉम’ नामक सट्टा पैनल को अवैध रूप से संचालित कर रहा था और लगभग 80 आईडी बांट चुका था। आरोपी के खिलाफ ऑनलाइन सट्टा गेमिंग एक्ट की धारा 7 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। एक एएसपी और डीएसपी के नेतृत्व में साइबर टीम पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

पुलिस का कहना है कि इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button