chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

CGBSE BOARD FEE HIKE | 5 साल बाद बोर्ड फीस बढ़ी

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने करीब पांच साल बाद 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के शुल्क में बढ़ोतरी कर दी है। यह नया शुल्क शैक्षणिक सत्र 2026-27 से लागू होगा।

नए प्रावधान के तहत नियमित परीक्षार्थियों को अब बोर्ड परीक्षा, अंकसूची और प्रति विषय प्रैक्टिकल शुल्क मिलाकर 800 रुपए चुकाने होंगे। पहले इसके लिए 460 रुपए देने पड़ते थे। यानी सीधा लगभग दोगुना बोझ छात्रों पर आएगा।

आवेदन फॉर्म भी महंगा

बोर्ड परीक्षा आवेदन फॉर्म का शुल्क 80 रुपए से बढ़ाकर 150 रुपए कर दिया गया है। हालांकि प्रवेश पत्र की द्वितीय प्रति के शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसके लिए पहले की तरह 80 रुपए ही देने होंगे।

कार्यपालिका समिति की बैठक में फैसला

शुल्क बढ़ोतरी का निर्णय माशिमं की कार्यपालिका समिति की बैठक में लिया गया। समिति ने करीब 22 अलग-अलग मदों में फीस बढ़ाने को मंजूरी दी है। इनमें नामांकन शुल्क, अतिरिक्त विषय, एक या दो विषय (द्वितीय मुख्य/अवसर परीक्षा), स्वाध्यायी छात्रों के पंजीयन और अनुमति शुल्क सहित अन्य मद शामिल हैं।

स्वाध्यायी छात्रों पर भी असर

स्वाध्यायी एससी/एसटी छात्रों के पंजीयन और अनुमति शुल्क को 560 रुपए से बढ़ाकर 800 रुपए कर दिया गया है। वहीं राज्य के नए और राज्य से बाहर के छात्रों के लिए यह शुल्क 1,540 रुपए से बढ़ाकर 2,000 रुपए कर दिया गया है।

विषयवार परीक्षा शुल्क में बढ़ोतरी

एक विषय की परीक्षा : 280 से बढ़ाकर 400 रुपए

दो विषय (द्वितीय मुख्य/अवसर परीक्षा) : 340 से बढ़ाकर 600 रुपए

गौरतलब है कि इससे पहले वर्ष 2021 में परीक्षा शुल्क बढ़ाया गया था। पांच साल बाद दोबारा बढ़ी फीस से छात्रों और अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button