EXAM UPDATE | CGPSC 2025 की प्रीलिम्स डेट फाइनल, 33 जिलों में दो शिफ्ट में होगी परीक्षा

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिया है। अब अभ्यर्थियों की उलटी गिनती शुरू हो गई है। परीक्षा 22 फरवरी 2026 को प्रदेश के सभी 33 जिलों के परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी।
आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक जनरल स्टडीज की होगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक एप्टीट्यूड टेस्ट आयोजित किया जाएगा।
एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से 10 दिन पहले जारी किए गए हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय से पहले अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें और उसमें दर्ज विवरण को ध्यान से जांच लें।
जरूरी गाइडलाइन क्या कहती है?
अगर किसी अभ्यर्थी के नाम, सरनेम या फोटो पहचान पत्र में अंतर है, तो उन्हें नाम परिवर्तन संबंधी मूल दस्तावेज साथ लाना होगा, तभी परीक्षा में बैठने की अनुमति मिलेगी।
परीक्षा केंद्र में केवल लेबल रहित पारदर्शी पानी की बोतल, CGPSC द्वारा जारी एडमिट कार्ड का प्रिंट, मूल फोटो पहचान पत्र (आधार, वोटर आईडी, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस या पैन कार्ड), काले या नीले बॉलपॉइंट पेन की अनुमति होगी।
यदि एडमिट कार्ड पर फोटो अस्पष्ट है तो दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। वर्णनात्मक परीक्षा में जरूरत होने पर HB पेंसिल की अनुमति रहेगी।
मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, डिजिटल डायरी या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से पहले सभी निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें ताकि किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।



