hindi newsनेशनलराजनीती

SEVA TEERTH INAUGURATION | 13 फरवरी को बदला PMO का पता

 

नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ‘सेवा तीर्थ’ कॉम्प्लेक्स से नए प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की शुरुआत की। इसके साथ ही कर्तव्य भवन-1 और 2 का भी उद्घाटन किया गया। करीब 78 साल बाद PMO का पता बदला है अब तक यह साउथ ब्लॉक से संचालित हो रहा था।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नॉर्थ और साउथ ब्लॉक ब्रिटिश शासन की मानसिकता के प्रतीक थे। अब शासन का केंद्र ‘नागरिक’ होगा। सेवा तीर्थ की दीवार पर ‘नागरिक देवो भव’ अंकित है, जिसे सरकार सेवा-भावना का प्रतीक बता रही है।

1189 करोड़ में बना नया कॉम्प्लेक्स

दारा शिकोह रोड स्थित सेवा तीर्थ करीब 2.26 लाख वर्ग फीट में बना है। इसे Larsen & Toubro ने ₹1189 करोड़ की लागत से तैयार किया। पहले इसका नाम ‘एग्जीक्यूटिव एन्क्लेव’ था, जिसे दिसंबर 2025 में बदलकर सेवा तीर्थ किया गया।

कॉम्प्लेक्स में तीन इमारतें हैं सेवा तीर्थ-1 (PMO), सेवा तीर्थ-2 (कैबिनेट सचिवालय) और सेवा तीर्थ-3 (राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय)। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का कार्यालय भी यहीं शिफ्ट हुआ है।

मंत्रालय एक छत के नीचे

कर्तव्य भवन-1 और 2 में वित्त, रक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि समेत कई बड़े मंत्रालयों को स्थान दिया गया है। सरकार का दावा है कि अलग-अलग 50 जगहों से चल रहे मंत्रालयों को एक परिसर में लाने से हर साल लगभग ₹1500 करोड़ किराए की बचत होगी और कामकाज तेज होगा।

सेंट्रल विस्टा का हिस्सा

सेवा तीर्थ और कर्तव्य भवन सेंट्रल विस्टा रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट के तहत बनाए गए हैं। इसी परियोजना में नया संसद भवन और कर्तव्य पथ भी शामिल हैं। पुराने नॉर्थ और साउथ ब्लॉक को ‘युगे-युगेन भारत नेशनल म्यूजियम’ में बदलने की योजना है।

नए ऑफिस में लिए बड़े फैसले

उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने महिलाओं, युवाओं और कमजोर वर्गों से जुड़े प्रस्तावों पर साइन किए। पीएम राहत योजना के तहत सड़क दुर्घटना पीड़ितों को ₹1.5 लाख तक कैशलेस इलाज का प्रावधान किया गया। ‘लखपति दीदी’ योजना का लक्ष्य 3 करोड़ से बढ़ाकर 6 करोड़ किया गया। कृषि अवसंरचना कोष 1 लाख करोड़ से बढ़ाकर 2 लाख करोड़ और स्टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स 2.0 के लिए ₹10,000 करोड़ मंजूर किए गए।

डिजिटल और ग्रीन सुविधाएं

कर्तव्य भवन-1 और 2 को 4-स्टार GRIHA मानकों के अनुसार बनाया गया है। इसमें रिन्यूएबल एनर्जी, वाटर कंजर्वेशन, वेस्ट मैनेजमेंट और स्मार्ट सिक्योरिटी सिस्टम जैसी सुविधाएं हैं।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button