RAIPUR EXAM | GATE में मुन्नाभाई गैंग पकड़ा गया!

रायपुर। रायपुर में GATE परीक्षा के बीच ऐसा खेल पकड़ा गया, जिसने सबको चौंका दिया। डीडी नगर थाना क्षेत्र में आयोजित परीक्षा के दौरान पुलिस ने मुन्नाभाई गैंग के 6 सदस्यों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी हरियाणा के बताए जा रहे हैं और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के जरिए परीक्षा में नकल कराने की कोशिश कर रहे थे।
फरवरी 2026 में हो रही GATE परीक्षा 7, 8, 14 और 15 फरवरी को कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट मोड में दो शिफ्ट में आयोजित की जा रही है। सुबह 9:30 से 12:30 और दोपहर 2:30 से 5:30 बजे तक परीक्षा का समय तय है। इसी दौरान डीडी नगर के एक परीक्षा केंद्र में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस और परीक्षा प्रबंधन टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। जांच में आरोपियों के पास से विशेष इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद किए गए। बताया जा रहा है कि ये डिवाइस बाहर बैठे सॉल्वर से सीधे संपर्क में रहने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे।
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह गैंग संगठित तरीके से फर्जी अभ्यर्थी बैठाने और डिवाइस के जरिए उत्तर उपलब्ध कराने का नेटवर्क चला रहा था। पुलिस ने सभी उपकरण जब्त कर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या यह गिरोह सिर्फ रायपुर तक सीमित है या किसी बड़े राष्ट्रीय नेटवर्क का हिस्सा? डीडी नगर थाना पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।



