RAIPUR BREAKING | नीट अभ्यर्थी की संदिग्ध मौत

रायपुर। राजधानी के भांठागांव स्थित अवधपुरी कॉलोनी में रविवार को एक नीट अभ्यर्थी का शव संदिग्ध हालात में मिला। छात्र दो मंजिला मकान से गले में जीआई तार बांधकर लटका हुआ पाया गया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है।
मृतक की पहचान रायगढ़ जिले के निवासी पुष्पेंद्र पटेल के रूप में हुई है। वह भांठागांव में किराए के मकान में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसने मकान की दूसरी मंजिल से गले में जीआई तार बांधकर छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की। कमरे की तलाशी लेकर कुछ सामान जब्त किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। बताया जा रहा है कि छात्र प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी को लेकर दबाव में था, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बयान के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।



