CG ACCIDENT | रायपुर-रतनपुर रोड पर दर्दनाक हादसे में 4 की मौत

रायपुर. रायपुर–रतनपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात ऐसा दर्दनाक मंजर देखने को मिला, जिसने कई गांवों को मातम में डुबो दिया। ग्राम सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के सामने तेज रफ्तार ट्रेलर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने भिड़ंत में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
रात करीब 2 बजे ट्रेलर (CG 11 BD 9044) सकरी-रतनपुर की ओर से रायपुर जा रहा था। अचानक ट्रेलर अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में पहुंच गया और सामने से आ रही स्कॉर्पियो (CG 04 MQ 4220) को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर पास में खड़े एक अन्य ट्रेलर को भी चपेट में लेते हुए पलट गया। स्कॉर्पियो पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
गैस कटर से निकाले गए शव, दो घंटे चला रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा। वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर मंगवाना पड़ा। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जब तक सभी को बाहर निकाला गया, तब तक चार लोगों की सांसें थम चुकी थीं।
कौन थे मृतक?
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई –
छत्रपाल रात्रे (37), निवासी ग्राम कुवागांव, थाना तखतपुर
विशाल लहरें (25), निवासी बिरगहनी, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली
अनमोल लहरें (14), निवासी बिरगहनी, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली
सोनू मिरी (28), निवासी कोटा
घायल प्रकाश रात्रे को बिलासपुर के Chhattisgarh Institute of Medical Sciences (सिम्स) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
शादी की सालगिरह से लौटते ही मौत
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में सवार पांचों लोग यादव ढाबा में आयोजित एक पारिवारिक शादी की 25वीं सालगिरह कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। खुशियों से भरी रात कुछ ही दूरी पर मातम में बदल गई। गांवों में एक साथ चार मौतों से सन्नाटा पसरा हुआ है।
ट्रेलर चालक गिरफ्तार
सकरी पुलिस ने आरोपी ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।



