BREAKING | ईरान पर प्रीवेंटीव अटैक! जंग के मुहाने पर पश्चिम एशिया

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में तनाव खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। Israel और United States ने Iran के खिलाफ “प्रीवेंटीव अटैक” यानी एहतियाती सैन्य कार्रवाई शुरू करने का ऐलान किया है। इजरायल के रक्षा मंत्री Israel Katz ने शनिवार सुबह ऑपरेशन की पुष्टि की।
घोषणा के साथ ही इजरायली सेना ने पूरे देश में प्रोएक्टिव अलर्ट जारी कर दिया। जगह-जगह सायरन बजाए गए और मोबाइल फोन पर एडवांस चेतावनी संदेश भेजे गए। स्कूल-कॉलेज और दफ्तर बंद कर दिए गए हैं। लोगों को घरों या सुरक्षित शेल्टर में रहने की सलाह दी गई है। रक्षा मंत्री ने नागरिक इलाकों पर मिसाइल और ड्रोन हमलों की आशंका जताई है।
उधर ईरान की राजधानी Tehran में कई जोरदार धमाकों की खबर है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, शहर के मध्य हिस्से में कम से कम तीन बड़े विस्फोट सुने गए, जिसके बाद दो और धमाकों की सूचना मिली। उत्तरी तेहरान के सैय्यद खानदान इलाके में भी धमाकों की आशंका जताई गई है। हालांकि ईरानी अधिकारियों ने अब तक हमलों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान में करीब 30 जगहों को निशाना बनाया गया है। शुरुआती दावों में खुफिया एजेंसी की इमारतें, एयरपोर्ट, राष्ट्रपति भवन और कुछ रिहायशी इलाकों पर हमले की बात कही जा रही है। हालांकि स्वतंत्र रूप से इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर बातचीत फिर शुरू हुई थी। इजरायल लगातार इस बात पर जोर देता रहा है कि किसी भी समझौते में तेहरान की परमाणु संरचना को पूरी तरह खत्म करना शामिल होना चाहिए। दूसरी ओर ईरान कहता रहा है कि वह प्रतिबंध हटाने के बदले सीमाएं स्वीकार कर सकता है, लेकिन मिसाइल कार्यक्रम पर कोई समझौता नहीं करेगा।
जून में दोनों देशों के बीच 12 दिन तक हवाई संघर्ष हो चुका है। अमेरिका भी ईरानी परमाणु ठिकानों के खिलाफ अभियान में शामिल हुआ था। अब ताजा हमले के बाद दुनिया की नजर ईरान की प्रतिक्रिया पर है। बड़ा सवाल यही है क्या यह टकराव अब खुले युद्ध में बदल जाएगा?



