CG NAXALI SURRENDER | डेडलाइन से पहले 15 नक्सली हथियार डाल गए …

महासमुंद. महासमुंद में नक्सल मोर्चे पर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। प्रतिबंधित बलांगीर-बरगढ़- महासमुंद (BBM) संगठन से जुड़े 15 नक्सलियों ने शनिवार रात बलोदा थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। इनमें 9 महिला नक्सली भी शामिल हैं।
सरेंडर करने वालों में ओडिशा कमेटी सदस्य सुदर्शन का नाम भी बताया जा रहा है। सभी नक्सलियों ने मिलकर 14 ऑटोमैटिक और देशी हथियार पुलिस के सामने जमा किए। फिलहाल सभी को महासमुंद के रक्षित केंद्र में रखा गया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ये नक्सली सरायपाली के बलौदा जंगल क्षेत्र में सक्रिय थे और कई बड़ी वारदातों में शामिल रहे हैं। कुछ दिन पहले इन्होंने आत्मसमर्पण की इच्छा जताई थी, जिसके बाद शनिवार रात यह प्रक्रिया पूरी हुई।
पुलिस का कहना है कि नक्सल ऑपरेशन और राज्य सरकार की आत्मसमर्पण नीति से प्रभावित होकर इन्होंने मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। अब सभी को पुनर्वास नीति के तहत आर्थिक और सामाजिक सहायता दी जाएगी।
गौरतलब है कि अमित शाह और विष्णु देव साय ने 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा है। ऐसे में यह सरेंडर नक्सल संगठन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।



