ANNA HAZARE LETTER TO PM | अन्ना का मोदी को बड़ा संदेश

नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में बढ़ते युद्ध जैसे हालात के बीच समाजसेवी अन्ना हजारे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर बड़ी अपील की है। अन्ना हजारे ने कहा है कि दुनिया इस समय बेहद चिंताजनक दौर से गुजर रही है और ऐसे समय में भारत को वैश्विक शांति पहल का नेतृत्व करना चाहिए।
अन्ना हजारे ने अपने पत्र में इजराइल और अमेरिका द्वारा ईरान पर किए गए संयुक्त हमले और उसके बाद बढ़ते तनाव पर चिंता जताई है। उन्होंने लिखा कि इन संघर्षों का सबसे ज्यादा असर आम नागरिकों, महिलाओं और बच्चों पर पड़ रहा है, जो बेहद दुखद है।
पत्र में अन्ना हजारे ने कहा कि भारत की संस्कृति हमेशा से अहिंसा और शांति की रही है। ऐसे समय में भारत जैसे बड़े लोकतांत्रिक देश को आगे आकर दुनिया को संवाद और शांति का रास्ता दिखाना चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि भारत तटस्थ और जिम्मेदार भूमिका निभाते हुए वैश्विक स्तर पर शांति और बातचीत की पहल करे। अन्ना हजारे ने कहा कि आज दुनिया को हथियारों की नहीं बल्कि विश्वास और संवाद की जरूरत है।
उन्होंने यह भी कहा कि आपके नेतृत्व में भारत ने कई अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर सकारात्मक भूमिका निभाई है। ऐसे में अगर भारत इस संवेदनशील समय में मानवता और शांति के लिए आगे आता है तो यह पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा बन सकता है।



