CG PATWARI TRANSFER | 58 पटवारियों का ट्रांसफर!

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में प्रशासन ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए एक साथ 58 पटवारियों का तबादला कर दिया है। कलेक्टर राजेंद्र कुमार कटारा के हस्ताक्षर से आदेश जारी होते ही पूरे राजस्व विभाग में हलचल मच गई।
बताया जा रहा है कि जिले में हाल ही में अवैध अफीम की खेती के कई मामले सामने आए थे। इसके बाद जिला प्रशासन ने राजस्व व्यवस्था की गहन समीक्षा की। जांच में पता चला कि कई पटवारी सालों से एक ही तहसील और क्षेत्र में जमे हुए थे।
इसी को देखते हुए प्रशासन ने पारदर्शिता बढ़ाने और व्यवस्था में कसावट लाने के लिए बड़े पैमाने पर तबादले का फैसला लिया। जारी आदेश के मुताबिक राजपुर, रामानुजगंज, कुसमी, वाड्रफनगर और शंकरगढ़ समेत कई तहसीलों में पटवारियों को एक जगह से दूसरी जगह भेजा गया है।



प्रशासन का मानना है कि इससे राजस्व कार्यों में तेजी आएगी और जमीन से जुड़े मामलों में पारदर्शिता भी बढ़ेगी। साथ ही अवैध गतिविधियों पर भी नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी।
आदेश में साफ कहा गया है कि 13 मार्च से सभी स्थानांतरित पटवारियों को पुराने स्थान से कार्यमुक्त किया जाएगा और 16 मार्च तक नए पदस्थापना स्थल पर अनिवार्य रूप से ज्वाइन करना होगा। आदेश का पालन नहीं करने वालों पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।



